1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शराब के नशे में ट्रेन में सवार हुआ सनकी, युवती को बेवजह दिया धक्का; मचा हड़कंप

शराब के नशे में ट्रेन में सवार हुआ सनकी, युवती को बेवजह दिया धक्का; मचा हड़कंप

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Nov 03, 2025 10:38 am IST,  Updated : Nov 03, 2025 10:38 am IST

केरल एक्सप्रेस में एक शख्स ने युवती को बेवजह धक्का दे दिया। गिरने की वजह से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी शराब के नशे में था।

शराबी ने युवती को ट्रेन से दिया धक्का।- India TV Hindi
शराबी ने युवती को ट्रेन से दिया धक्का। Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE

केरल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती को एक शख्स ने अचानक ट्रेन से धक्का दे दिया। आरोपी ने एक अन्य युवती को भी धक्का देने की कोशिश की, हालांकि वह बच गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं ट्रेन को रोक कर युवती को भी बरामद कर लिया गया है। युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। घटना के समय वह शराब के नशे में था। यह घटना वर्कला और कडक्कावुर रेलवे स्टेशनों के बीच की है। 

शराबी ने युवती को दिया धक्का

दक्षिणी रेलवे पीआरओ का कहना है, "02 नवंबर की शाम को करीब 8 बजकर 40 मिनट पर एक पुरुष यात्री सुरेश कुमार (48) ने महिला यात्री श्रीकुट्टी (19) को ट्रेन से धक्का दे दिया। दोनों ट्रेन नंबर 12626 केरल एक्सप्रेस (NDLS-TVC) के पीछे के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। यह घटना वर्कला और कडक्कावुर रेलवे स्टेशनों के बीच की है। आरोपी को त्रिवेंद्रम उत्तर (TVCN) में उतार दिया गया और आरपीएफ ने उसे हिरासत में ले लिया। स्थानीय पुलिस, वर्कला को भी सूचित किया गया। वहीं पीड़िता को भी बरामद कर लिया गया है। उसे दूसरी ट्रेन 66305 कोल्लम मेमू से वर्कला रेलवे स्टेशन लाया गया। बाद में रेलवे द्वारा व्यवस्थित एम्बुलेंस के जरिए पीड़िता को मिशन अस्पताल, वर्कला में भेज दिया गया।

दूसरी युवती को भी गिराने की कोशिश

दक्षिण रेलवे के पीआरओ ने बताया, "पूछताछ के दौरान, एक सह-यात्री अर्चना ने बताया कि वह और पीड़िता दोनों अलुवा से त्रिवेंद्रम जाने वाली ट्रेन में सवार हुई थीं। वर्कला से रवाना होने के बाद, जब वे शौचालय जा रही थीं, तो उन्होंने पास में बैठे एक अज्ञात पुरुष यात्री को देखा। अचानक, वह दोनों की ओर दौड़ा और श्रीकुट्टी को लात मार दी, जिससे वह चलती ट्रेन से गिर गई। उसने अर्चना को धक्का देने की भी कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गईं। चीख-पुकार सुनकर, अन्य यात्री भी मौके पर पहुंचे।" 

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीआरओ ने बताया, "ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने अलार्म चेन खींची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ट्रेन को त्रिवेंद्रम नॉर्थ स्टेशन पर रोका गया, जहां आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा आरपीएफ तिरुवनंतपुरम मंडल के सहायक सुरक्षा आयुक्त और मंडल रेलवे अस्पताल के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधीक्षक वर्तमान में उस अस्पताल में रुके हुए हैं, जहां पीड़िता का इलाज चल रहा है।"

यह भी पढ़ें-

तेलंगाना: बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर, 20 लोगों की मौत; 20 घायल

खौलते पानी की बाल्टी में गिरा मासूम, ढाई साल के बच्चे की हुई दर्दनाक मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत