बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपने मामा के घर के पास खेलते समय 5 साल के बच्चे को एक शख्स ने दौड़कर फुटबॉल की तरह लात मारी। इस घटना में बच्चा बुरी तरह से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो पास में ही लगे एक कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि नीव जैन नामक बच्चा घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ बैडमिंटन खेल रहा कि तभी एक व्यक्ति पीछे से आकर अचानक उसे लात मारता है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि व्यक्ति के लात मारने की वजह से बच्चा जमीन पर गिर जाता है, लेकिन वह (व्यक्ति) आराम से मौके से चला जाता है।
सड़क पर बैडमिंटन खेल रहा था बच्चा
दरअसल, पूरा मामला बेंगलुरु के त्यागराजनगर का बताया जा रहा है। यहां पोस्टल रोड पर 14 दिसंबर को एक शख्स ने सड़क पर खेल रहे बच्चे को लात मार दी। जानकारी के मुताबिक घर के पास खेल रहे बच्चे पर शख्स ने दोड़कर बेरहमी से हमला किया। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आ गया है। वहीं लड़के की मां दीपिका जैन ने इस संबंध में बनशंकरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी 35 वर्षीय रंजन को अरेस्ट भी कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
जानकारी के मुताबिक दीपिका जैन अपने पांच साल के बेटे नीव जैन के साथ अपने भाई के घर आई थी। नीव जैन घर के सामने दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी समय, पड़ोस के घर में रहने वाले रंजन नाम के एक आदमी ने अचानक नीव जैन को लात मार दी। अचानक हुए तेज हमले से नीव जैन के चेहरे, पैरों और हाथों पर चोटें आईं। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि शख्स दौड़कर आया और उसने बच्चे को लात मार दी। फिलहाल पुलिस ने बताया कि 35 साल का रंजन बेरोजगार है और मानसिक बीमारी का शिकार है। मानसिक स्तिथि ठीक नहीं होने के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें-
गुजरात में SIR के आंकड़े जारी, हटाए गए 73 लाख वोटर्स के नाम, जानें गड़बड़ी मिलने पर क्या करें?
कानपुर में दर्दनाक हादसा, युवक को 70 मीटर तक घसीटता गया डंपर; CCTV फुटेज आया सामने