1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़ में आज दस्तक देगा मानसून, कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट; जानें दिल्ली-NCR और UP को कब मिलेगी राहत

छत्तीसगढ़ में आज दस्तक देगा मानसून, कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट; जानें दिल्ली-NCR और UP को कब मिलेगी राहत

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 08, 2024 06:38 am IST,  Updated : Jun 08, 2024 07:47 am IST

देश भर में गर्मी के बीच अब कई राज्यों में बारिश से राहत मिलने वाली है। हालांकि यूपी के कई जिलों में अभी भी गर्म हवाएं चलेंगी। वहीं दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अभी भी उसम भरी गर्मी से दो-चार होना पड़ेगा।

मौसम समाचार।- India TV Hindi
मौसम समाचार। Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारत के राज्यों में जहां मानसून ने दस्तक दे दी है तो वहीं उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। एक तरफ जहां दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश से लोग परेशान हैं तो वहीं उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच उत्तर भारत के लोगों के लिए भी राहत भरी खबर है। दरअसल, केरल के तट से होकर चला मानसून अब जल्द ही उत्तर भारत के राज्यों में प्रवेश करेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकेगी। 

इन राज्यों में होगी बारिश

बता दें कि महाराष्ट्र के कई जिलों में मानसून के प्रवेश करने के बाद से भारी बारिश देखी जा रही है। इसके अलावा राजस्थान के भी कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आज छत्तीसगढ़ में भी मानसून के प्रवेश करने की संभावना है। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में मानसून पहुंचने के बाद भारी बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार केरल, तमिलनाडु, रायलसीमा और आसपास के तटीय राज्यों जैसे- आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, दक्षिण मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान हल्की गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं।

यूपी और दिल्ली-NCR का हाल

वहीं उत्तर प्रदेश को लेकर मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक तेज आंधी और लू चल सकती है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में भी तेज हवाएं चलने के आसार है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। IMD ने बताया है कि 8 जून को दिल्ली-NCR में धूल के साथ आंधी चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर प्री-मानसून की बारिश भी हो सकती है। अगले हफ्ते से यहां पर मौसम में कुछ बदलाव देखा जा सकता है। हालांकि उमस भरी गर्मी से राहत के अभी भी आसार नहीं हैं।

तेज आंधी के चलते 4 की मौत

इस बीच राजस्थान में कुछ संभागों में तेज आंधी के कारण हुए विभिन्न हादसों में 4 लोगों की मौत भी हो गई। इसमें एक बच्ची और दो महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं दो अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर बाद तेज आंधी के कारण नगर निगम हेरिटेज में लगा 30 फुट ऊंचा पुराना मोबाइल टावर गिर गया, घटना के समय मोबाइल टावर के आस-पास कोई मौजूद नहीं था, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार सीकर में शुक्रवार को धोद थाना क्षेत्र में एक मकान की दीवार ढह गई। इस हादसे में मनोहर कंवर (57) की मौत हो गई, उनका बेटा जयपाल सिंह (29) घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि झुंझुनूं के खेतड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात आंधी के कारण एक पेड़ गिरने से उसके नीचे सो रही काजल (11) की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सावित्री (45) घायल हो गई। वहीं, नीम का थाना जिले में रात तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई जबकि पति घायल हो गया।

 

यह भी पढ़ें- 

राष्ट्रपति मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद पर नियुक्त किया, अपने हाथों से खिलाई दही

नरेंद्र मोदी तीसरी बार लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ, दिल्ली को घोषित किया गया No Flying Zone, आदेश जारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत