1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कातिल पड़ोसन! महिलाओं के झगड़े में बच्ची की निर्मम हत्या, पानी के ड्रम में डुबोकर मार डाला; CCTV फुटेज से खुला राज

कातिल पड़ोसन! महिलाओं के झगड़े में बच्ची की निर्मम हत्या, पानी के ड्रम में डुबोकर मार डाला; CCTV फुटेज से खुला राज

 Reported By: T Raghavan Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 26, 2026 05:30 pm IST,  Updated : Jun 26, 2026 07:54 pm IST

आन्ध्र प्रदेश के कडप्पा में एक महिला के झगड़े में एक बच्ची की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पड़ोसन महिला ने बच्ची को पानी के ड्रम में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।

पड़ोसन ने बच्ची को पानी में डुबोकर मार डाला।- India TV Hindi
पड़ोसन ने बच्ची को पानी में डुबोकर मार डाला। Image Source : REPORTER INPUT

कडप्पा: जिले के पुलिवेंदुला निर्वाचन क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां लिंगाला मंडल के लोपतनुताला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। दरअसल, दो महिलाओं के बीच हुए झगड़े में एक मासूम बच्ची की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि नितविका नाम की एक छोटी बच्ची, जो खेल रही थी, उसकी बाथरूम में रखे पानी के ड्रम में डुबोकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाली बातें सामने आईं।

पानी के ड्रम में डुबोकर मारा

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, छोटी बच्ची नितविका गुरुवार (25 जून, 2026) को शाम करीब 4:30 बजे अपने घर के पास खेल रही थी। जब आसपास कोई नहीं था, तब स्वाति नाम की एक पड़ोसन बच्ची को अपने साथ ले गई। वह बच्ची को अगली गली में एक घर के बाथरूम में ले गई। यहां महिला ने बच्ची को पानी के ड्रम में डुबो दिया और दम घुटने से बच्ची की मौत हो गई।

महिलाओं के बीच थी लड़ाई

बताया जा रहा है कि बच्ची की मां, सृजना और आरोपी स्वाति कभी करीबी दोस्त थीं। हालांकि, बच्चों को लेकर हुए एक मामूली झगड़े ने गहरी दुश्मनी का रूप ले लिया। इस झगड़े के कारण पुलिस में शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं। पुलिस को शक है कि स्वाति ने रंजिश के चलते सृजना से गुस्से में आकर यह घिनौनी हरकत की। 

सीसीटीवी से खुला राज

फिलहाल आरोपी महिला को पकड़ लिया गया है। स्वाति के घर पर लगे CCTV कैमरे के फुटेज में उसे छोटी बच्ची नितविका को अपने साथ ले जाते हुए साफ देखा गया। इस सबूत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी स्वाति को हिरासत में ले लिया। वहीं इस घटना के बाद से परिजनों के होश उड़ गए हैं। महिला ने आपसी विवाद में एक मासूम की जान ले ली।

पलनाडु में चार की मौत

आंध्र प्रदेश की एक अन्य घटना में चार लोगों की मौत हो गई। यहां पलनाडु जिले में शुक्रवार को एक एमयूवी के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सभी लोग हैदराबाद से मार्कापुरम जिले के पामुरु जा रहे थे, जहां उन्हें एक अंतिम संस्कार में शामिल होना था। इसी दौरान श्रीशैलम रोड पर यह हादसा हो गया। 

यह भी पढ़ें-

नौकरी पाने के लिए बेटे ने करा दी पिता की हत्या, 10 लाख में तय की सुपारी; तीन गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत