1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. नौकरी पाने के लिए बेटे ने करा दी पिता की हत्या, 10 लाख में तय की सुपारी; तीन गिरफ्तार

नौकरी पाने के लिए बेटे ने करा दी पिता की हत्या, 10 लाख में तय की सुपारी; तीन गिरफ्तार

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 26, 2026 04:57 pm IST,  Updated : Jun 26, 2026 04:57 pm IST

झारखंड में पिता की नौकरी पाने की चाह में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या करवा दी। इसके लिए उसने 10 लाख रुपये की सुपारी में दो लोगों को हायर किया था। फिलहाल पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

बेटे ने करवाई पिता की हत्या।- India TV Hindi
बेटे ने करवाई पिता की हत्या। Image Source : REPORTER INPUT

धनबाद: जिले में हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पिता की नौकरी पाने के लिए एक शख्स ने हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि धनबाद जिले में एक व्यक्ति को अपने पिता की हत्या के लिए भाड़े के हत्यारे हायर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह पिता की सरकारी नौकरी अनुकंपा के आधार पर पाना चाहता था। जिन दो लोगों को उसने पिता की हत्या के लिए हायर किया था, उन्हें भी पकड़ लिया गया है। उसके पिता 'भारत कोकिंग कोल लिमिटेड' (BCCL) के कर्मचारी थे। 

दो साल बची थी नौकरी

धनबाद ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक एस मोहम्मद याकूब ने बताया कि मृतक तुलेश्वर नोनिया के बेटे विजय चौहान को दो भाड़े के हत्यारों अमित सिंह और अखिलेश मल्लाह के साथ गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां 19 जून की रात हुई हत्या के मामले में की गई हैं। एसपी ने बताया कि तुलेश्वर नोनिया बरोरा में BCCL की एक कोयला खदान में कर्मचारी थे। BCCL में उनकी नौकरी के सिर्फ दो साल बचे थे। उनका बेटा विजय चौहान पिता की मौत के बाद खदान में अनुकम्पा के आधार पर पक्की नौकरी पाना चाहता था और इसी वजह से उसने पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

तीनों ने मिलकर बनाई हत्या की योजना

एसपी एस मोहम्मद याकूब ने बताया, "विजय ने अपने दो साथियों अखिलेश मल्लाह और अमित सिंह के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। ये दोनों बरोरा थाना क्षेत्र की बडौरा कॉलोनी के रहने वाले हैं।" पुलिस का दावा है कि विजय चौहान ने अपने साथियों को पिता की हत्या के लिए 10 लाख रुपये देने का वादा किया था, हालांकि हत्या से पहले कोई एडवांस पेमेंट नहीं किया गया था। जांच में पता चला कि विजय चौहान ने शक से बचने के लिए एक झूठी कहानी तैयार की थी। उसने अपने पिता से कहा कि वह बिहार के औरंगाबाद में एक रिश्तेदार की शादी में जा रहा है और घर से निकल गया।

बुरी तरह से कुचला चेहरा

योजना के मुताबिक, शुक्रवार रात अपनी शिफ्ट खत्म होने के बाद अमित सिंह और अखिलेश मल्लाह ने तुलेश्वर नोनिया को अपनी मोटरसाइकिल पर लिफ्ट दी और उसे एक सुनसान जगह पर ले गए। यहां उन्होंने एक बड़े पत्थर से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने और उसकी पहचान छिपाने के इरादे से उन्होंने उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया। इसके बाद, घटना को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाने के लिए, उन्होंने शव को घसीटा और मुख्य सड़क पर फेंक दिया।

यह भी पढ़ें-

बाइक से जा रहे शख्स के सिर पर गिरी सूखी टहनी, अचेत होकर सड़क पर गिरा; CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।