1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई एयरपोर्ट से NIA ने 2 भगोड़ों को पकड़ा, भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करना चाहते थे

मुंबई एयरपोर्ट से NIA ने 2 भगोड़ों को पकड़ा, भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करना चाहते थे

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : May 17, 2025 10:36 am IST,  Updated : May 17, 2025 10:36 am IST

NIA ने पुणे ISIS स्लीपर मॉड्यूल केस में दो भगोड़ों अब्दुल्ला फैयाज शेख और तल्हा खान को मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया। दोनों IED बनाने और टेस्टिंग से जुड़े मामले में शामिल थे और भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करने की साजिश रच रहे थे।

NIA, ISIS, Pune sleeper module, Abdullah Faiyaz Shaikh- India TV Hindi
NIA ने पुणे ISIS स्लीपर मॉड्यूल केस में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। Image Source : PTI

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी कि NIA ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS के पुणे स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े 2023 के एक मामले में 2 भगोड़ों को गिरफ्तार किया है। यह मामला महाराष्ट्र के पुणे में IED बनाने और टेस्टिंग से संबंधित है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रूप में हुई है। इन दोनों को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट टी2 पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने पकड़ा। वे इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से भारत लौटने की कोशिश कर रहे थे। NIA की टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पिछले 2 साल से फरार थे दोनों आरोपी

ये दोनों आरोपी पिछले 2 साल से फरार थे और मुंबई की NIA स्पेशल कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वॉरन्ट जारी किया था। एनआईए ने इन दोनों की जानकारी देने के लिए 3-3 लाख रुपये के नकद इनाम की भी घोषणा की थी। यह मामला अब्दुल्ला फैयाज शेख और तल्हा खान सहित पहले से गिरफ्तार ISIS पुणे स्लीपर मॉड्यूल के 8 अन्य सदस्यों द्वारा रची गई आपराधिक साजिश से जुड़ा है। इन लोगों ने भारत की शांति और सांप्रदायिक सौहार्द को भंग करने के लिए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची थी।

इस्लामिक शासन स्थापित करना था मकसद

आरोपियों का मकसद ISIS के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए भारत सरकार के खिलाफ हिंसा और आतंक के जरिए इस्लामिक शासन स्थापित करना था। इन दोनों आरोपियों पर पहले ही अन्य गिरफ्तार आरोपियों के साथ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वे पुणे के कोंढवा में अब्दुल्ला फैयाज शेख द्वारा किराए पर लिए गए एक मकान में IED बनाने में शामिल थे। 2022-2023 के दौरान, इन्होंने बम बनाने और ट्रेनिंग के लिए एक वर्कशॉप का आयोजन किया था। साथ ही, इन्होंने अपने बनाए IED की टेस्टिंग के लिए एक नियंत्रित विस्फोट भी किया था।

जानें क्या हैं बाकी आरोपियों के नाम

NIA भारत में ISIS की गतिविधियों की सक्रिय रूप से जांच कर रही है ताकि इसके हिंसक और भारत-विरोधी आतंकी मंसूबों को नाकाम किया जा सके। इस मामले में पहले सभी 10 आरोपियों के खिलाफ UAPA, एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट, आर्म्स एक्ट और IPC की विभिन्न धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। अब्दुल्ला फैयाज शेख और तल्हा खान के अलावा, इस मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों के नाम मोहम्मद इमरान खान, मोहम्मद यूनुस साकी, अब्दुल कादिर पठान, सिमाब नासिरुद्दीन काजी, जुल्फिकार अली बरोदावाला, शमिल नाचन, अकीफ नाचन और शाहनवाज आलम हैं। इस मामले में जांच अभी जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत