1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. NIA करेगी करणी सेना अध्यक्ष के हत्या की जांच, कल होगा गोगामेड़ी का अंतिम संस्कार

NIA करेगी करणी सेना अध्यक्ष के हत्या की जांच, कल होगा गोगामेड़ी का अंतिम संस्कार

 Reported By: Manish Bhattacharya Edited By: Subhash Kumar
 Published : Dec 06, 2023 08:39 pm IST,  Updated : Dec 06, 2023 09:16 pm IST

करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या से पूरा देश स्तब्ध है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने हत्या के विरोध में बुधवार को राजस्थान बंद बुलाया और उग्र प्रदर्शन किया। हालांकि, अब प्रशासन और राजपूत समाज के बीच सहमति बनने की खबर सामने आई है।

करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या।- India TV Hindi
करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या। Image Source : ANI

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद कार्यकर्ताओं ने पूरे राजस्थान में उग्र आंदोलन किया था। बीते दिन जयपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के खिलाफ करणी सेना ने राजस्थान बंद का ऐलान किया था। हालांकि, पूरे दिन उग्र प्रदर्शन के बाद करणी सेना ने आंदोलन को स्थगित करने का ऐलान किया है। जानकारी मिली है कि करणी सेना की सभी मांगों को मान लिया गया है। कल गुरुवार को सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का अंतिम संस्कार होने की भी खबर सामने आई है। 

NIA जांच और सुरक्षा का वादा

सूत्रों के मुताबिक, राजपूत समाज की मांगों को लेकर राज्यपाल के साथ सहमति बन गई है। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को सुरक्षा देने में जिन अधिकारियों ने लापरवाही की उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है। इसके साथ ही इस हत्या की जांच NIA को सौंपे जाने की भी खबर है। गोगामेड़ी के परिवार को सुरक्षा दी जाएगी और नई सरकार के गठन होते ही उनके परिवार को आर्थिक मदद भी दी जाएगी। 

कल होगा अंतिम संस्कार

प्रशासन और राजपूत समाज के बीच सहमति बनने के बाद संभवत: अब कल गुरुवार 7 दिसंबर की सुबह सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद कल ही गोगामेड़ी के गांव में उनका अंतिम संस्कार किए जाने की खबर सामने आई है। 

कैसे हुई थी हत्या?

करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है। सुखदेव को घर में घुसकर गोलियां मारी गई। पुलिस ने बताया है कि इस वारदात में शामिल एक हमलावर मारा गया है। वहीं, अन्य बदमाशों को भी जल्द पकड़ने की बात कही जा रही है। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। 

ये भी पढ़ें- पूरे राजस्थान में करणी सेना का उग्र आंदोलन, पुलिस ने कर दिया लाठीचार्ज, देखें Video

ये भी पढ़ें- 'क्या स्टालिन ने अपने बेटे और ए. राजा...', सनातन के खिलाफ बयान पर BJP का नया हमला


Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत