1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भुवनेश्वर AIIMS में महिला कर्मी से यौन उत्पीड़न, नर्सिंग ऑफिसर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

भुवनेश्वर AIIMS में महिला कर्मी से यौन उत्पीड़न, नर्सिंग ऑफिसर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 29, 2025 01:45 pm IST,  Updated : Jul 29, 2025 01:45 pm IST

ओडिशा की राजधानी में स्थित एम्स में महिला कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। महिला कर्मी की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी नर्सिंग अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला कर्मी से यौन उत्पीड़न।- India TV Hindi
महिला कर्मी से यौन उत्पीड़न। Image Source : PTI/REPRESENTATIVE

भुवनेश्वर: ओडिशा में बीते दिनों महिलाओं से जुड़े कई आपराधिक मामले सामने आए। अब भुवनेश्वर एम्स से एक और मामला सामने आया है, जहां एम्स की एक महिला कर्मचारी ने अस्पताल के ही एक नर्सिंग अधिकारी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वहीं महिला की शिकायत के बाद से अस्पताल के नर्सिंग अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी नर्सिंग अधिकारी नानू राम चौधरी के खिलाफ शहर के खांडागिरि पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद उस पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। 

नर्सिंग अधिकारी पर लगाया आरोप

दरअसल, भुवनेश्वर स्थित एम्स की महिला कर्मचारी ने सोमवार को पुलिस से शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि पुरुष नर्सिंग अधिकारी ने उसका यौन उत्पीड़न किया और उसका शील भंग करने की कोशिशें की गईं। प्राथमिकी दर्ज किए जाने के तुरंत बाद अस्पताल में पीड़िता समेत विभिन्न एजेंसियों के जरिए भर्ती किए गए सभी कर्मचारियों ने मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्होंने प्रदर्शन रोका। 

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़िता ने अपनी शिकायत में दावा किया कि नर्सिंग अधिकारी ने रविवार देर रात करीब एक बजे उसे एक डॉक्टर के चैंबर में बुलाया और उसका यौन उत्पीड़न किया। महिला ने यह भी दावा किया कि वह किसी तरह घटनास्थल से भागी और अस्पताल के नियंत्रण कक्ष को घटना की सूचना दी। उसने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं न्याय चाहती हूं और नर्सिंग अधिकारी की गिरफ्तारी की मांग करती हूं। हम अस्पताल में भी सुरक्षित नहीं हैं।’’ इस बीच, भुवनेश्वर स्थित एम्स ने मामले की जांच अपनी आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) को सौंप दी है। बता दें कि इससे पहले भी ओडिशा में यौन उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत