1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दोस्ती की ऐसी मिसाल, आकाशीय बिजली से घायल हुआ दोस्त, तो बारिश में मोटर ट्राइसाइकिल पर 10 KM तक ले गया युवक, लेकिन...

दोस्ती की ऐसी मिसाल, आकाशीय बिजली से घायल हुआ दोस्त, तो बारिश में मोटर ट्राइसाइकिल पर 10 KM तक ले गया युवक, लेकिन...

 Published : May 18, 2026 02:34 pm IST,  Updated : May 18, 2026 02:40 pm IST

एक युवक आकाशीय बिजली से घायल अपने दोस्त को भारी बारिश में मोटर ट्राइसाइकिल पर 10 किलोमीटर तक ले गया युवक। हालांकि, घायल की जान फिर भी नहीं बच सकी। अब लोग शख्स की दोस्ती की मिसाल दे रहे हैं।

odisha friend thunderstorm motor cycle- India TV Hindi
युवक ने कायम की दोस्ती की मिसाल। Image Source : REPORTER

ओडिशा के कोरापुट जिले से इंसानियत और दोस्ती की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई भावुक हो रहा है। आज के समय में जहां लोग छोटी-छोटी बातों पर रिश्ते तोड़ देते हैं, वहीं एक दोस्त ने अपने घायल साथी की जान बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी। उसने तेज बारिश, तूफान और खराब मौसम की परवाह किए बिना अपने दोस्त को मोटर ट्राइसाइकिल पर लादकर करीब 10 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसके दोस्त की मौत हो चुकी थी।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना ओडिशा के कोरापुट जिले के लक्ष्मीपुर इलाके की है। रविवार को इलाके में अचानक मौसम खराब हो गया था। तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान कुछ मजदूर दोस्त एक मैदान में पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पल में एक बड़ा हादसा होने वाला है। बताया जा रहा है कि अचानक जोरदार आकाशीय बिजली गिरी। बिजली गिरते ही वहां मौजूद शेख जमील गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ बैठे बाकी दोस्त घबरा गए। हर तरफ बारिश और अफरा-तफरी का माहौल था। लेकिन उसी समय उसके एक दोस्त ने हिम्मत दिखाई और फैसला किया कि वह किसी भी हालत में जमील को अस्पताल पहुंचाएगा।

बारिश और खराब मौसम के बीच दोस्त की मदद

घायल दोस्त की हालत लगातार बिगड़ रही थी। आसपास तुरंत कोई एंबुलेंस या वाहन नहीं मिल पाया। ऐसे में युवक ने अपनी ट्राइसाइकिल निकाली। उसने घायल शेख जमील को ट्राइ मोटर साइकिल पर बैठाया और बारिश के बीच अस्पताल की तरफ निकल पड़ा। वह युवक लगातार बारिश में मोटर ट्राइसाइकिल चलाते हुए अपने दोस्त को बचाने की कोशिश कर रहा था। रास्ते में बारिश और खराब मौसम जैसी कई परेशानियां थीं, लेकिन उसने हार नहीं मानी। वह लगातार अस्पताल पहुंचने की कोशिश करता रहा।

डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित किया

करीब 10 किलोमीटर तक गाड़ी चलाने के बाद वह अपने दोस्त को लेकर अस्पताल पहुंचा। लेकिन दुखद बात यह रही कि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद शेख जमील को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जिसने भी यह दृश्य देखा, वह भावुक हो गया। लोग उस दोस्त की तारीफ कर रहे हैं जिसने आखिरी सांस तक अपने साथी को बचाने की कोशिश की।

बंगाल के थे दोनों मजदूर

जानकारी के मुताबिक, मृतक शेख जमील और उसके दोस्त पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। वे कोरापुट जिले में मजदूरी का काम करते थे। रोज की तरह वे काम के बाद साथ बैठे थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि अचानक मौसम इतना खतरनाक हो जाएगा। यह घटना साफ दिखाती है कि आकाशीय बिजली कितनी खतरनाक साबित हो सकती है। बारिश और तूफान के दौरान पेड़ के नीचे खड़ा होना या बैठना जानलेवा हो सकता है। प्रशासन भी लगातार लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील करता है। लेकिन इस दर्दनाक हादसे के बीच एक दोस्त की कोशिश ने सभी का दिल जीत लिया। उसने यह साबित कर दिया कि सच्ची दोस्ती सिर्फ शब्दों में नहीं, बल्कि मुश्किल समय में साथ खड़े होने में होती है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- मुंबई में पकड़े गए बंगाल के बमबाज, आश्रम के पास बम फेंकने का मामला

हरिद्वार: हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप, जानें कौन है आरोपी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत