1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नाबालिग छात्रा को लेकर फरार हुआ गणित का टीचर, लोकेशन ट्रैक कर पहुंची पुलिस

नाबालिग छात्रा को लेकर फरार हुआ गणित का टीचर, लोकेशन ट्रैक कर पहुंची पुलिस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 16, 2022 07:38 pm IST,  Updated : Mar 16, 2022 07:38 pm IST

आरोपी शिक्षक की पहचान जोगेश शर्मा के रूप में हुई है, वह नाबालिग लड़की का गणित का शिक्षक भी है, जो कक्षा 8 में पढ़ रही है। पुलिस ने बताया कि जोगेश ने लड़की को प्रेम संबंध में फंसाया था और 5 मार्च को उसके साथ बिहार भाग गया था।

Couple- India TV Hindi
Couple Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

भुवनेश्वर: ओडिशा के आदिवासी जिले सुंदरगढ़ के एक निजी स्कूल के शिक्षक को बिहार के सीवान जिले से कथित तौर पर अपने नाबालिग छात्रा के साथ भागने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक की पहचान जोगेश शर्मा के रूप में हुई है, वह नाबालिग लड़की का गणित का शिक्षक भी है, जो कक्षा 8 में पढ़ रही है।

पुलिस ने बताया कि जोगेश ने लड़की को प्रेम संबंध में फंसाया था और 5 मार्च को उसके साथ बिहार भाग गया था, जिसके बाद नाबालिग लड़की के पिता ने सुंदरगढ़ जिले के कुटरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ), राजगांगपुर, शशांक शेखर बेउरा ने बताया कि नाबालिग छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर सुंदरगढ़ जिले के कुटरा पुलिस थाने में आईपीसी (अपहरण) की धारा 366 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, "हमारी कुटरा पुलिस टीम द्वारा किए गए ईमानदार प्रयास के कारण, हम आरोपी और नाबालिग लड़की का पता लगाने में सक्षम हैं। लड़की के साथ आरोपी को बिहार के सीवान जिले में पकड़ा गया है।"

पुलिस ने इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित की जो आरोपित शिक्षक के मोबाइल लोकेशन को ट्रैक कर उन तक पहुंची। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि छुड़ाई गई छात्रा को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है, जबकि आरोपी शिक्षक को बुधवार को अदालत भेज दिया गया।

(इनपुट- एजेंसी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत