1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दर्दनाक हादसा: ट्रक से जा टकराई बारातियों से भरी बोलेरो, 5 लोगों की मौत और कई घायल

दर्दनाक हादसा: ट्रक से जा टकराई बारातियों से भरी बोलेरो, 5 लोगों की मौत और कई घायल

 Published : May 05, 2026 08:28 am IST,  Updated : May 05, 2026 08:34 am IST

ओडिशा के जाजपुर में बारातियों से भरी एक बोलेरो ट्रक से टकरा गई। इस भयानक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं। सीएम मोहन माझी ने पीड़ितों के परिजनों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है।

Odisha jajpur accident death- India TV Hindi
ओडिशा के जाजपुर में हादसा। Image Source : REPORTER

ओडिशा से एक बड़ी ही दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। राज्य के जाजपुर जिले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बरदा चौक के पास बारातियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।

बोलेरो को काटा गया

जानकरी के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। राहत और बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से बोलेरो को काटा और करीब 10 लोगों को बाहर निकाला। लेकिन इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

दो छोटे बच्चे सुरक्षित बचे

राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार दो छोटे बच्चे इस भयावह दुर्घटना में सुरक्षित बच गए। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कांडा पूर्ति, नमिता नायक, गीता पूर्ति, बलमा मुंडा और मालती मुंडा के रूप में हुई है। इन मौतों से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सीएम ने की मुआवजे की घोषणा

राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न रहे और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की है।

इलाके में मातम पसरा

घटना के बाद जाजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार या चालक को नींद आना हो सकता है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जता रहे हैं। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- दहीबड़ा खाना पड़ा महंगा, 27 बच्चों समेत 58 लोगों की हालत बिगड़ी, हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया

32 मिनट तक बैंक में मारा-मारा फिरते रहे जीतू, फिर बहन का कंकाल लेकर पहुंचे; RDC जांच में सामने आई सच्चाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत