1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Pahalgam Terror Attack: आतंकियों ने IB ऑफिसर की पत्नी और बच्चों के सामने कर दी हत्या, बिहार के रहने वाले थे मनीष

Pahalgam Terror Attack: आतंकियों ने IB ऑफिसर की पत्नी और बच्चों के सामने कर दी हत्या, बिहार के रहने वाले थे मनीष

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Apr 23, 2025 07:33 am IST,  Updated : Apr 23, 2025 08:24 am IST

पहलगाम में आतंकियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। इस आतंकी हमले में अबतक 26 लोगों की मौत की खबर है। आतंकियों ने एक आईबी ऑफिसर को उनके परिवार के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक बिहार के रहने वाले थे।

आतंकियों ने आईबी ऑफिसर की ले ली जान- India TV Hindi
आतंकियों ने आईबी ऑफिसर की ले ली जान Image Source : PTI

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में इंटेलिजेंस ब्यूरो के एक अधिकारी को आतंकियों ने उनकी पत्नी और बच्चों के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारी मनीष रंजन  बिहार के रहने वाले थे और हैदराबाद में तैनात थे। आईबी अधिकारी मनीष रंजन अपने परिवार के साथ लीव ट्रैवल कंसेशन (LTC) यात्रा पर पहलगाम आए थे और ऑफिसर अपने परिवार और अन्य टूरिस्टों के साथ ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहे जाने वाले पहलगाम की बैसरन घाटी में थे, जब आतंकियों ने उन पर हमला किया। इस आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

तेलंगाना के सीएम ने गहरा दुख व्यक्त किया

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने जम्मू-कश्मीर में हुए इस आतंकी हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया और इस घिनौने कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए, सीएम ने कहा कि इस तरह के कायराना हमले भारतीय जनता की भावना और सहनशीलता को हिला नहीं सकते। उन्होंने केंद्र सरकार से आतंकवादी समूहों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हमले में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

आतंकियों की हो रही खोज, सर्च ऑपरेशन जारी

पहलगाम के बैसारन घाटी में आतंकी हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू हो गया है और इस ऑपरेशन में भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, स्पेशल फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और सीआरपीएफ शामिल है। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना की विक्टर फोर्स लगाई गई है जो घाटी में आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए जानी जाती है। 

सऊदी अरब की यात्रा छोड़ भारत पहुंचे पीएम मोदी

बता दें कि पीएम मोदी अपनी सऊदी अरब की यात्रा छोड़कर भारत वापस आ गए हैं और आज कैबिनेट की बड़ी मीटिंग हो सकती है। गृह मंत्री अमित शाह पहले ही श्रीनगर पहुंच गए हैं और आज वे पहलगाम जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत