संसद के शीतकालीन सत्र में गुरुवार (19 दिसंबर) को भी जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी सांसदों ने पहले ही संसद भवन के अंदर प्रदर्शन करने की तैयारी कर ली थी। कांग्रेस सांसदों ने मकर द्वार के पास विरोध प्रदर्शन शुरू किया। जवाब में बीजेपी सांसद भी विरोध करने लगे और दोनों पक्षों के नेताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान बीजेपी के प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए। कांग्रेस नेताओं ने भी बीजेपी पर धक्का-मुक्की का आरोप लगाया है।
इससे पहले बुधवार के दिन भी विपक्षी नेताओं ने जमकर हंगामा किया था। इसके बाद सदन की कार्रवाई रद्द करनी पड़ी थी। गृहमंत्री अमित शाह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर राज्यसभा में जो बयान दिया था, उसी को लेकर विपक्ष बवाल कर रहा है। अमित शाह ने विपक्षी दलों के नेताओं पर बाबा साहेब के नाम का दुरुपयोग अपने फायदे के लिए करने का आरोप लगाया था। हालांकि, विपक्ष का कहना है कि गृह मंत्री बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है। संसद का शीतकालीन सत्र 20 दिसंबर को खत्म हो सकता है।