Highlights
- पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला
- कुछ लोगों का कांटा 2014 में अटका हुआ है- पीएम मोदी
- भारत की आवाज रहनी चाहिए बुलंद - पीएम मोदी
PM Modi Lok Sabha Speech: पीएम मोदी ने सोमवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने लोकसभा में अपने संबोधन में कहा कि हम सब संस्कार से, व्यवहार से लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्ध लोग हैं और आज से नहीं, सदियों से हैं। ये भी सही है कि आलोचना जीवंत लोकतंत्र का आभूषण है, लेकिन अंधविरोध लोकतंत्र का अनादर है। पीएम मोदी ने कहा कि दो साल से पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही है, लेकिन इस समय का भी उपयोग दलगत राजनीति के लिए किया गया।
Related Stories
लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि, दुर्भाग्य ये है कि आपमें से बहुत से लोग ऐसे हैं जिनका कांटा 2014 में अटका हुआ है और उससे वो बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उसका नतीजा भी आपको भुगतना पड़ा है। देश की जनता आपको पहचान गई है, कुछ लोग पहले पहचान गए, कुछ लोग अब पहचान रहे हैं और कुछ लोग आने वाले समय में पहचानने वाले हैं। PM मोदी ने कहा कि अगर ग़रीबी से मुक्ति चाहिए तो हमें छोटे किसानों को मजबूत बनाना होगा। छोटा किसान मजबूत होगा तो छोटी ज़मीन को भी आधुनिक करने की कोशिश करेगा। इतने वर्षों तक देश पर राज करने वाले और महलनुमा घरों में रहने के आदी, छोटे किसान के कल्याण की बात करना भूल गए हैं। भारत की प्रगति के लिए छोटे किसान को सशक्त बनाना जरूरी है। छोटा किसान भारत की तरक्की को मज़बूत करेगा।
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि महामारी के बीच 80 करोड़ से अधिक साथी भारतीयों को मुफ्त राशन मिले। हमारी प्रतिबद्धता है कि कोई भी भारतीय भूखा न रहे। अगर हम लोकल के लिए वोकल होने की बात कर रहे हैं तो क्या हम महात्मा गांधी के सपनों को पूरा नहीं कर रहे हैं? फिर विपक्ष द्वारा इसका मजाक क्यों उड़ाया जा रहा था? हमने योग और फिट इंडिया की बात की, लेकिन विपक्ष ने भी इसका मजाक उड़ाया।
कांग्रेस ने मन बना लिया है सौ साल सत्ता में नहीं आना है- पीएम मोदी
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना काल (COVID19) के इस समय में कांग्रेस पार्टी ने सारी हदें पार कर दी। पहली लहर के दौरान, जब लोग लॉकडाउन का पालन कर रहे थे, दिशानिर्देश सुझाव दे रहे थे कि लोग जहां हैं वहीं रहें, तब कांग्रेस मुंबई स्टेशन पर खड़ी थी और निर्दोष लोगों को डरा रही थी। इतने चुनाव हारने के बाद आपके (कांग्रेस) 'अहंकार' में कोई बदलाव नहीं आया है। कांग्रेस ने मन बना लिया है सौ साल सत्ता में नहीं आना है। पीएम मोदी ने कहा कि, कोरोनाकाल के बाद देश नई व्यवस्थाओं की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहा है। ये एक ऐसा टर्निंग प्वाइंट है कि हम लोगों को एक भारत के रूप में इस अवसर को गंवाना नहीं चाहिए। मेन टेबल पर भारत की आवाज भी बुलंद रहनी चाहिए. भारत ने एक लीडरशिप रोल के लिए अपने आप को कम नहीं आंकना चाहिए।