नई दिल्ली: बांग्लादेश में हाल ही में हुए आम चुनावों के बाद नए प्रधानमंत्री का चयन हो गया है। तारिक रहमान ने आज बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। भारत की ओर से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। इस मुलाकात में ओम बिरला ने तारिक रहमान को उनके पद ग्रहण पर हार्दिक बधाई दी और भारत सरकार की ओर से शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजा गया एक व्यक्तिगत बधाई पत्र भी तारिक रहमान को सौंपा। यह पत्र दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों और सहयोग की भावना को रेखांकित करता है।
वहीं अब पीएम नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान को पत्र लिखा है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने तारिक रहमान को भारत आने के लिए आमंत्रित भी किया है। पीएम मोदी ने तारिक रहमान को लिखे अपने पत्र में लिखा, "मैं बांग्लादेश में हाल ही में संपन्न संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत और बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में आपकी नियुक्ति पर आपको हार्दिक बधाई देता हूं। मैं इस कार्यालय की उच्च जिम्मेदारियां संभालने पर आपकी हर सफलता की कामना करता हूं।"
पीएम मोदी ने आगे लिखा, "मैं हमारे बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ाने और कनेक्टिविटी, व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य देखभाल, साथ ही सांस्कृतिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों के व्यापक क्षेत्रों में हमारे सामान्य लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। मैं इस अवसर पर आपको, डॉ. जुबैदा रहमान और आपकी बेटी ज़ैमा के साथ पारस्परिक रूप से सुविधाजनक समय पर भारत की यात्रा पर आमंत्रित करता हूं, भारत में आपका गर्मजोशी से स्वागत होगा।''
बता दें कि बांग्लादेश के आम चुनावों में अपनी पार्टी को जबरदस्त जीत दिलाने के कुछ दिनों बाद तारिक रहमान ने मंगलवार को बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने लंबे समय से चली आ रही परंपरा से हटकर, 60 वर्षीय तारिक रहमान को बंगभवन के बजाय जातीय संसद के साउथ प्लाजा में पद की शपथ दिलाई। इससे पहले दिन में, तारिक रहमान को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के सांसदों द्वारा संसदीय दल के नेता के रूप में चुना गया था।
यह भी पढ़ें-
बांग्लादेश की नई सरकार में एक हिंदू और एक बौद्ध मंत्री को मिली जगह, जानें कौन हैं ये दोनों नेता?
संपादक की पसंद