1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महाराजा एक्सप्रेस से वृंदावन पहुंचेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, लग्जरी ट्रेन में लगेंगे डबल इंजन, पावर कार भी होगी

महाराजा एक्सप्रेस से वृंदावन पहुंचेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, लग्जरी ट्रेन में लगेंगे डबल इंजन, पावर कार भी होगी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Sep 25, 2025 08:48 am IST,  Updated : Sep 25, 2025 08:48 am IST

द्रौपदी मुर्मी की ट्रेन में दो इंजन लगे होंगे। 18 कोच की इस ट्रेन में 12 कोच महाराराजा एक्सप्रेस के होंगे। वहीं, छह अन्य कोच में पावर कार सहित अन्य सामान रखे जाएंगे।

द्रौपदी मुर्मू- India TV Hindi
Droupadi Murmu Image Source : PTI

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को महाराजा एक्सप्रेस से वृंदावन पहुंचेंगी। भारतीय रेलवे राष्ट्रपति मुर्मू को नयी दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से मथुरा के पास वृंदावन रोड स्टेशन तक ले जाएगा। दुनिया की सबसे शानदार ट्रेन में से एक महाराजा एक्सप्रेस सर्दियों के दौरान उच्च श्रेणी के पर्यटकों के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा संचालित की जाती है। 

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, "18 डिब्बों वाली इस ट्रेन में महाराजा एक्सप्रेस के 12 डिब्बे होंगे, जिनमें एक प्रेसिडेंशियल सुइट, डीलक्स सुइट, रेस्तरां, लाउंज और राष्ट्रपति और उनके कर्मचारियों के लिए पावर कार शामिल होंगी। इसमें रेलवे के वरिष्ठ कर्मचारियों के लिए दो मानक एसी डिब्बे भी होंगे।" उन्होंने बताया, "निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेन में दो इंजन लगाए जाएंगे। एक इंजन चालू रहेगा, जबकि दूसरा तकनीकी समस्याओं से निपटने के लिए रहेगा।" 

10 बजे पहुंचेंगी वृंदावन

सूत्रों ने बताया कि ट्रेन सुबह करीब आठ बजे सफदरजंग स्टेशन से रवाना होगी और करीब 10 बजे वृंदावन रोड स्टेशन पहुंचेगी। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा, "दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर, निधिवन और कुब्जा कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। वह वृंदावन में सुदामा कुटी भी जाएंगी और मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान में दर्शन और पूजा करेंगी" एक अधिकारी ने कहा, "चूंकि श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर मथुरा जंक्शन के नजदीक स्थित है, इसलिए राष्ट्रपति शाम को वापसी यात्रा के लिए वहां से विशेष ट्रेन में सवार होंगी।" 

दो अलग-अलग जोन के बीच होगा सफर

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, स्टेशन मास्टरों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के कर्मियों तथा अन्य संबंधित कर्मचारियों को पूरे मार्ग पर निर्धारित ड्यूटी के समय उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। रेलवे सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक और गंतव्य स्टेशन दो अलग-अलग रेलवे जोन उत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत आते हैं और दोनों जोन को सुचारू और सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए निकट समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने जून 2023 में विशेष ट्रेन से यात्रा की थी, जब वह भुवनेश्वर से ओडिशा के अपने गृहनगर रायरंगपुर गईं थीं।

मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा का बेहद कड़ा इंतजाम किया है। अधिकारियों ने बताया कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। शहर के अधिकांश रास्तों पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है तथा मथुरा एवं वृंदावन के एक से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया की राष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर मथुरा और वृंदावन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस के 4000 जवानों एवं अधिकारियों सहित प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की भी आठ कंपनियों (करीब 1000 जवान) को तैनात किया गया है। 

राष्ट्रपति का शेड्यूल

दिल्ली से भी केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी व सुरक्षाकर्मी अपनी-अपनी भूमिका का सक्रिय रूप से निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक, चप्पे-चप्पे की निगरानी की जाएगी। सभी आने-जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती होगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति की यह निजी धार्मिक यात्रा होने के कारण मुख्यमंत्री के स्थान पर राज्य के कैबिनेट मंत्री चौ.लक्ष्मीनारायण राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। वह सुबह वृंदावन रोड स्टेशन पर अधिकारियों के साथ स्वागत के लिए पहुंचेंगे। (इनपुट-पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

IRCTC का खास टूर पैकेज, ट्रेन से 12 दिन में 7 ज्योतिर्लिंगों का करें दर्शन; यहां जानें सबकुछ

बड़ी खबर: वोटर आईडी के लिए अब आधार और मोबाइल नंबर जरूरी, इलेक्शन कमीशन ने किया बदलाव

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत