1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi ED Row: राजभवन पर प्रदर्शन के दौरान पानी की बौछार से दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष हुए घायल, LG को सौंपा ज्ञापन

Rahul Gandhi ED Row: राजभवन पर प्रदर्शन के दौरान पानी की बौछार से दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष हुए घायल, LG को सौंपा ज्ञापन

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jun 16, 2022 07:43 pm IST,  Updated : Jun 16, 2022 08:45 pm IST

दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में राजभवन का घेराव करने का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर लेकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। पुलिस ने कांग्रेस के मार्च के दौरान किसी भी कार्यकर्ता को राजभवन जाने की इजाजत नहीं दी।

Anil Chaudhary- India TV Hindi
Anil Chaudhary Image Source : PTI

Highlights

  • राहुल से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस का हंगामा
  • देश के अलग-अलग राज्यों में पार्टी ने खोला मोर्चा
  • दिल्ली कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में राजभवन का घेराव करने का प्रयास किया

Rahul Gandhi ED Row: दिल्ली पुलिस के AICC में जबरन घुसने के विरोध में देशभर में आज कांग्रेस ने राजभवनों का घेराव किया, प्रदर्शन के बाद प्रदेश कांग्रेस के एक डेलीगेशन ने एलजी को ज्ञापन भी सौंपा है, जिसमें दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। हालांकि प्रदेश के बीच एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी पुलिस द्वारा चलाई गई पानी की बौछार से गिरते नजर आ रहे हैं, जिस कारण उनके सिर में चोट लगी है।

दिल्ली कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में राजभवन का घेराव करने का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर लेकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। पुलिस ने कांग्रेस के मार्च के दौरान किसी भी कार्यकर्ता को राजभवन जाने की इजाजत नहीं दी। पुलिस ने जगह-जगह पर बैरिकेड लगा दिए हैं।

अनिल चौधरी ने कही यह बात

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा, ईडी द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी को तलब करने के बाद सत्याग्रह की इस लड़ाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने जो मारपीट और जबरन जेल भरने का अड़ियल व्यवहार पिछले 3 दिनों से अपना रखा है कांग्रेस कार्यकर्ता उससे डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस मुख्यालय परिसर में पुलिस ने जबरदस्ती घुसकर हमारे कार्यकर्ताओं और नेताओं को बेहरमी से पीटा है। देश की ऐतिहासिक सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के कार्यालय में घुसकर दिल्ली पुलिस की कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की कार्यवाही लोकतंत्र का गला घोटने जैसा है।

रेणुका चौधरी ने पुलिस वाले का पकड़ा कॉलर
वहीं, आज हैदराबाद में विरोध के दौरान कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी को जब पुलिस प्रदर्शन स्थल से ले जा रही थी, तब उन्होंने एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी को पुलिस वैन की ओर खींच लिया। कांग्रेस ने "चलो राजभवन" का आह्वान किया था। जिसके बाद पार्टी नेताओं ने वहां विरोध प्रदर्शन करने का प्रयास किया।

गौरतलब है कि राहुल गांधी को नेशनल हैराल्ड मामले में ईडी ने अब शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत