1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सुप्रीम कोर्ट पहुंचा राजा रघुवंशी हत्याकांड का मामला, सोनम की जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने की अपील, जानें कब होगी सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा राजा रघुवंशी हत्याकांड का मामला, सोनम की जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने की अपील, जानें कब होगी सुनवाई

 Reported By: Atul Bhatia Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jul 02, 2026 01:16 pm IST,  Updated : Jul 02, 2026 02:06 pm IST

राजा रघुवंशी हत्याकांड का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। मेघालय सरकार ने आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत के खिलाफ याचिका दायर की है। कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को करने की बात कही है।

Raja Raghuvanshi murder case Supreme Court- India TV Hindi
सुप्रीम कोर्ट में होगी राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़े मामले में सुनवाई। Image Source : PTI/REPORTER

राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी को मेघालय हाई कोर्ट से मिली जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। गुरुवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मामले को मेंशन करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और याचिका पर जल्द सुनवाई की जाए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट इस मामले में सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। कोर्ट इस मामले में कल शुक्रवार को ही सुनवाई करेगा।

मेघालय सरकार ने क्या दलील दी?

मेघालय सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट से कहा कि एक महिला अपने पति को मेघालय ले गई थी, जहां उसने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को फेंक दिया। इस मामले में दो बार उसकी जमानत यह कहते हुए खारिज की गई थी कि उसके फरार होने की आशंका है। लेकिन अब उसे इस आधार पर जमानत दे दी गई है कि गिरफ्तारी के समय उसे गिरफ्तारी के आधार (Grounds of Arrest) पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराए गए थे। जबकि कमी केवल एक धारा में टाइपिंग की गलती की थी। कृपया इस पर जल्द सुनवाई हो।

सोनम के फरार होने की आशंका जताई गई

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट के सामने सोनम रघुवंशी के फरार होने की आशंका भी जताई और मांग रखी कि ऐसे में कल (शुक्रवार) ही इस मामले की सुनवाई हो। एसजी तुषार मेहता की इस मांग को सुप्रीम कोर्ट ने मान लिया और मामले की सुनवाई शुक्रवार को करने पर सहमति जता दी है।

यहां समझें पूरा केस

इंदौर के बिजनेसमैन राजा रघुवंशी की बीते साल मई महीने में सोनम से शादी हुई थी। दोनों हनीमून के लिए मेघालय के शिलांग गए थे। हालांकि, इस दौरान राजा के लापता होने की खबर सामने आई और कुछ दिन बाद उसका शव प्रसिद्ध वेई सावडोंग झरने के पास एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। राजा को खोजने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। मामले की जांच में खुलासा हुआ था कि राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम का राज कुशवाहा नाम के युवक के साथ संबंध था। दोनों ने साथ मिलकर हनीमून के बहाने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने सोनम रघुवंशी समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया था।

ये भी पढ़ें- राजा रघुवंशी मर्डर केस: सोनम रघुवंशी ने हनीमून की आड़ में रची हत्या की साजिश, अब बेल पर छूटने के बाद क्या कुछ कह रही, जानिए

राजा रघुवंशी हत्याकांड: मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, लेकिन कोर्ट ने रख दी शर्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत