1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajat Sharma's Blog: इंदौर वालों का बड़ा दिल, मेघालय से माफी मांगी

Rajat Sharma's Blog: इंदौर वालों का बड़ा दिल, मेघालय से माफी मांगी

 Published : Jun 12, 2025 07:08 pm IST,  Updated : Jun 17, 2025 06:20 pm IST

राजा रघुवंशी मर्डर केस लगभग सुलझ गया है। हालांकि, इस केस को लेकर जिस तरह मेघालय को बदनाम किया गया, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। अब इंदौर के लोगों ने इस बारे में बड़ी कदम उठाया है।

Rajat Sharma- India TV Hindi
इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा। Image Source : INDIA TV

राजा रघुवंशी मर्डर केस में मुख्य आरोपी सोनम और चार अन्य आरोपियों ने मेघालय पुलिस के सामने कबूल कर लिया है कि उन्होंने मिल कर ये हत्या की थी। मेघालय के पुलिस महानिदेशक ने बताया कि सभी पांच आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और सारे सबूत मिल गए हैं। इस वक्त ये पांचों आरोपी 8 दिन की पुलिस हिरासत में हैं और जांच करने वाले अधिकारी पूरे हत्या प्रकरण की सारी गुत्थियों को सुलझा रहे हैं।

मेघालय को बदनाम करना दुर्भाग्यपूर्ण 

राजा रघुवंशी की हत्या का केस तो लगभग सुलझ गया लेकिन इस केस को लेकर जिस तरह मेघालय को बदनाम किया गया, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना को ऐसे प्रचारित किया है मानों मेघालय में टूरिस्ट के साथ लूटपाट होती है, बाहर से आने वालों को मारकर फेंक दिया जाता है और पुलिस कुछ नहीं करती। मैं मेघालय की पुलिस की तारीफ करूंगा कि उसने इन सारी धारणाओं को गलत साबित कर दिया। बड़ी तेज़ी से इतने उलझे हुए केस को सुलझा दिया। जो-जो इस हत्या प्रकरण में शामिल थे, सबकी पहचान की, उन्हें पकड़ लिया और सबूत हासिल कर लिए।

इंदौर के लोग मेघालय की जनता से माफी मांगेंगे

बदनामी इंदौर की भी हुई क्योंकि सारे हत्यारे इंदौर के ही रहने वाले हैं। हत्या की प्लानिंग इंदौर में हुई। इंदौर के लोगों को अपने शहर पर बहुत गर्व है। वे कहते हैं जैसे इंदौर साफ-सुथरा शहर है, वैसे इंदौर के लोगों के दिल भी साफ हैं। इंदौरिए रिश्तों को निभाने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इंदौर की एक लड़की ने सबसे पवित्र रिश्ते का ही कत्ल कर दिया। उसका साथ देने वाले हत्यारों ने इंदौर का नाम खराब कर दिया लेकिन अच्छी बात ये है कि इंदौर के लोगों ने इसको सुधारने का फैसला किया है।

अब इंदौर के लोग शिलॉन्ग जाकर मेघालय की जनता से माफी मांगेंगे। वो पूरी दुनिया को बताएंगे कि मेघालय सुंदर है, सुरक्षित है, ताकि मेघालय के टूरिज्म को जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई हो सके और मेघालय एक बार फिर टूरिज्म के मैप पर आ सके। इंदौर के लोग दुखी जरूर हैं, पर इंदौर की छवि बरसों की मेहनत से बनी है। मुझे विश्वास है कि एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना से इंदौर की इमेज को कोई डैमेज नहीं होगा। (रजत शर्मा)

देखें: ‘आज की बात, रजत शर्मा के साथ’ 11 जून, 2025 का पूरा एपिसोड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत