IPL 2026 Final: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी RCB, दूसरी बार IPL फाइनल जीतने की कोशिश में है और आज (रविवार को) शाम होने वाले वाले खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। IPL 2026 के फाइनल मैच से पहले बेंगलुरु शहर पुलिस ने सेलिब्रेशन को लेकर सख्त एडवाइजरी जारी की है। बेंगलुरु पुलिस ने कहा कि शहर में सार्वजनिक तौर पर किसी भी तरह के सेलिब्रेशन या बाइक रैली की इजाजत नहीं है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानलेवा घटनाओं को रोकने के लिए उठाया कदम
जान लें कि इस एडवाइजरी का मकसद पिछले साल जीत के जश्न के दौरान हुई जानलेवा घटनाओं को दोबारा होने से रोकना है। यह कदम 4 जून, 2025 को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दुखद घटना के बाद उठाया गया है। उस हादसे में RCB की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी।
LED स्क्रीन पर मैच की लाइव स्क्रीनिंग पर भी रोक
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने घोषणा की है कि सार्वजनिक LED स्क्रीन पर मैच की लाइव स्क्रीनिंग पर पूरी तरह से रोक है। यह रोक मॉल, पब और दूसरी जगहों के बाहर लगी उन स्क्रीन पर लागू होगी, जो आम लोगों को दिखाई देती हैं। सड़कों की तरफ लगी LED दीवारों पर भी बिना पहले से मंजूरी लिए मैच दिखाने की इजाजत नहीं होगी।
सार्वजनिक जगहों पर जश्न मनाने पर प्रतिबंध
इस एडवाइजरी में बाइक रैलियों, तेज रफ्तार, स्टंट राइडिंग, बेवजह हॉर्न बजाने, सड़कों पर जाम लगाने और पटाखे फोड़ने या खतरनाक चीजों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है। पुलिस ने मैच का नतीजा आने के बाद सड़कों पर सार्वजनिक जश्न मनाने पर भी रोक लगा दी है।
भड़काऊ पोस्ट और अफवाहें फैलाने वालों को भी किया अलर्ट
अधिकारियों ने सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने, अभद्र व्यवहार करने और जश्न के दौरान किसी भी तरह की हिंसक हरकत करने को लेकर भी चेतावनी दी है। इसके अलावा, नागरिकों को सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाहें या नफरत फैलाने वाली बातें फैलाने से भी सावधान किया गया है।
विरोधी टीम के समर्थकों को निशाना ना बनाएं फैंस
फैंस से अपील की गई है कि वे विरोधी टीम के समर्थकों को ना भड़काएं और ना ही उन्हें निशाना बनाएं। अधिकारियों ने जोर देकर कहा है कि ऐसी हरकतों से कानून-व्यवस्था की समस्या खड़ी हो सकती है। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से जिम्मेदारी से जश्न मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि शांति और सुरक्षा बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
ये भी पढ़ें- IPL 2026 फाइनल से पहले गुजरात टाइटंस को बड़ा झटका, अहमदाबाद पहुंचने में हुई देरी