1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली मारकर हत्या, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे लेकिन घर नहीं लौट सके

देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली मारकर हत्या, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे लेकिन घर नहीं लौट सके

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 30, 2026 10:37 am IST,  Updated : Mar 30, 2026 10:55 am IST

सेना के एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई है। वह मॉर्निंग वॉक करने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्हें गोली लगी और उनकी मौत हो गई।

Retired Brigadier- India TV Hindi
सेना के रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत Image Source : ANI

देहरादून: देहरादून के राजपुर इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, दो वाहनों में यात्रा कर रहे लोगों के बीच हुई बहस के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें एक गोली ब्रिगेडियर को लग गई और उनकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, दो वाहनों में सवार लोगों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद गोलीबारी होने लगी। ब्रिगेडियर उस समय मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी एक गोली उन्हें लगी और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और जांच जारी है।

देहरादून एसपी का भी सामने आया बयान

देहरादून एसपी प्रमोद कुमार ने बताया, "आज सुबह करीब 7 बजे राजपुर पुलिस स्टेशन को जौहरी गांव में दो वाहनों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद की सूचना मिली। सूचना मिली कि एक वाहन में सवार लोग आगे चल रहे वाहन पर गोलियां चला रहे थे। गोलीबारी के दौरान, सुबह की सैर के लिए निकले एक व्यक्ति को गोली लग गई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अब पुष्टि हो गई है कि इलाज के दौरान उस व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में घेराबंदी कर दी है। वाहन का पता लगाने और इसमें शामिल व्यक्तियों को पकड़ने के लिए गहन तलाशी अभियान जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी और आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की जाएगी।"

करीब 70 साल थी उम्र

रिटायर्ड ब्रिगेडियर की उम्र करीब 70 साल थी और वह रोज की तरह सुबह की सैर पर निकले थे लेकिन तभी एक गोली उन्हें लगी और उनकी मौत हो गई। कहा जा रहा है कि उनका किसी विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। आरोपी अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए और उनकी तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत