1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. स्कूल टीचर पर एक या दो नहीं बल्कि 12 छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, हुआ गिरफ्तार

स्कूल टीचर पर एक या दो नहीं बल्कि 12 छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, हुआ गिरफ्तार

 Published : May 14, 2024 06:47 am IST,  Updated : May 14, 2024 06:57 am IST

आरोप लगाने वाली 12 छात्राओं की उम्र आठ से 14 साल है। स्कूल का कहना है कि टीचर लंबे समय से इन छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर पॉक्सो के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Sikkim- India TV Hindi
आरोपी टीचर गिरफ्तार Image Source : REPRESENTATIVE PIC

गंगटोक: सिक्किम के सोरेंग जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को कम से कम 12 छात्राओं से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्राओं ने शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की घटनाओं की जानकारी स्कूल प्राधिकारियों को आठ मई को दी। 

स्कूल ने 10 मई को शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जिसमें कहा गया कि आठ से 14 साल की उम्र की 12 छात्राओं ने आरोप लगाया है कि शिक्षक लंबे समय से उनके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी के आधार पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। 

उन्नाव से हैरान करने वाला मामला

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बीघापुर विकासखंड के दादामऊ में प्राथमिक विद्यालय की प्रिंसिपल का स्कूल में फेशियल कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। स्कूल में बच्चों को पढ़ाने की जगह फेशियल कराने वाली प्रिसिंपल का नाम संगीता सिंह है। 

संगीता द्वारा फेशियल कराए जाने का वीडियो एक दूसरी टीचर ने वायरल कर दिया था, जिसकी वजह से संगीता ने उससे मारपीट की थी और उसे दांतों से काटकर जख्मी कर दिया था। जख्मी शिक्षिका ने मामले की शिकायत बीघापुर कोतवाली में की थी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत