1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Punjabi Singer Sidhu Moose Wala Shot Dead: सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, एक दिन पहले ही हटाई गई थी सुरक्षा

Punjabi Singer Sidhu Moose Wala Shot Dead: सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, एक दिन पहले ही हटाई गई थी सुरक्षा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 29, 2022 06:42 pm IST,  Updated : May 30, 2022 03:30 pm IST

Punjabi Singer Sidhu Moose Wala Shot Dead: सिद्धू मूसेवाला को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी है। गंभीर हालत में गायक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी।

Punjabi Singer Sidhu Moosewala Shot Dead- India TV Hindi
Punjabi Singer Sidhu Moosewala Shot Dead Image Source : YOUTUBE/SIDHU MOOSE WALA

Highlights

  • सिद्धू मूसेवाला को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली
  • तीन लोग हुए थे घायल, सिद्धू की हुई मौत
  • कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ा था

Punjabi Singer Sidhu Moose Wala Shot Dead: पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला को पंजाब के मानसा जिले में गोली मार दी गई। सिद्धू मूसेवाला को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी है। गंभीर हालत में गायक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। यह घटना पंजाब पुलिस की ओर से सिद्धू मूसेवाला सहित 424 लोगों की सुरक्षा वापस लेने के ठीक एक दिन बाद हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक सिद्धू मूसेवाला समेत तीन लोगों को गोली लगी। बता दें कि मूसेवाला के पास पहले करीब 8 से 10 गनमैन थे। पंजाब की मान सरकार ने उनके पास सिर्फ 2 ही गनमैन छोड़े थे। मानसा अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. रंजीत राय ने बताया कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को जब अस्पताल लाया गया था, तब उनकी मौत हो चुकी थी।

मानसा अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. रंजीत राय ने बताया कि तीन लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से सिद्धू मूसेवाला की मौत हो गई। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया है।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दुख व्यक्त किया। सीएम मान ने ट्वीट किया, "मैं सिद्धू मूसेवाला की जघन्य हत्या से स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। इसमें शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मेरी प्रार्थनाएं उनके परिवार और दुनिया भर के उनके प्रशंसकों के साथ हैं। मैं सभी से शांत रहने की अपील करता हूं।"

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर शोक प्रकट किया है।

वहीं, इस हत्या को लेकर बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भगवंत मान की सरकार और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की घटिया राजनीति के चलते आज वो शिकार हो गए। 20 गोलियों के साथ उन पर हमला किया गया, जिसमें उनकी कीमती जान चली गई।"

सिरसा ने कहा, "सिद्धू की जान चली गई, ऐसा क्यों हुआ, क्योंकि एक राजनीति पार्टी ने घटिया काम करना शुरू किया। लोगों को पता था कि सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी हटा ली गई है। उनके ऊपर हमला हुआ, जिसमें उनकी जान चली गई। इसे लेकर भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पर केस दर्ज होना चाहिए।"

बताया जा रहा है कि काले रंग की गाड़ी में सवार दो हमलावारों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। मूसेवाला ने कांग्रेस के टिकट पर इसी साल मानसा से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। हाल ही में पंजाब में भगवंत मान की सरकार बनी है। मान सरकार ने अपने स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर विजय सिंगला को भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में बर्खास्त किया था। इन्हीं स्वास्थ्य मंत्री ने मानसा विधानसभा सीट से सिद्धू मूसेवाला को हराया था। नवजोत सिंह सिद्दू ने चुनाव से पहले मूसेवाला को कांग्रेस पार्टी में शामिल कराया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत