1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Sonia Gandhi: सोनिया गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को तुच्छ साबित करने का लगाया आरोप

Sonia Gandhi: सोनिया गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को तुच्छ साबित करने का लगाया आरोप

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Aug 15, 2022 11:03 am IST,  Updated : Aug 15, 2022 11:03 am IST

Sonia Gandhi: सोनिया गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ''हमने बीते 75 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन आज की आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है।''

Congress President Sonia Gandhi- India TV Hindi
Congress President Sonia Gandhi Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • सोनिया गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
  • स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को तुच्छ साबित करने का लगाया आरोप

Sonia Gandhi: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आजादी के 75 साल पूरा होने के मौके पर सोमवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने इन 75 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल की, लेकिन आज की ‘आत्ममुग्ध सरकार’ स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। पिछले 75 साल में भारत ने अपने प्रतिभाशाली भारतवासियों की कड़ी मेहनत के बल पर विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय पटल पर एक अमिट छाप छोड़ी है।’’ 

देश ने 75 सालों में बहुत उपलब्धियां हासिल की है: गांधी

सोनिया गांधी के अनुसार, ‘‘भारत ने अपने दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में एक ओर जहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था स्थापित की, वहीं प्रजातंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत बनाया। इसके साथ-साथ भारत ने भाषा-धर्म-संप्रदाय की बहुलतावादी कसौटी पर सदैव खरा उतरने वाले एक अग्रणी देश के रूप में अपनी गौरवपूर्ण पहचान बनाई है।’’ उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘हमने बीते 75 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन आज की आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है, जिसे कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता है।’’

कांग्रेस नेताओं ने देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘राजनीतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर कोई भी गलतबयानी तथा गांधी-नेहरू-पटेल-आज़ाद जी जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कठघरे में खड़ा करने के हर प्रयास का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत