1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत के बचाव में उतरी रेप का शिकार हुई स्पैनिश महिला, बोली- 'बकवास करना बंद करो'

भारत के बचाव में उतरी रेप का शिकार हुई स्पैनिश महिला, बोली- 'बकवास करना बंद करो'

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Mar 05, 2024 12:51 pm IST,  Updated : Mar 05, 2024 12:51 pm IST

झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर दुमका में शुक्रवार को विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर भारत विरोधी कमेंट शुरू हो गए थे। अब खुद पीड़िता ही भारत के बचाव में आगे आई है।

सांकेतिक फोटो। - India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : FILE

झारखंड में स्पैनिश महिला से गैंगरेप की घटना ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। खुद झारखंड हाई कोर्ट ने भी घटना की गंभीरता को देखते हुए इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। इस बीच सोशल मीडिया पर कई यूजर्स द्वारा भारत विरोधी टिप्पणियां की जा रही हैं। लोग भारत में आने वाले पर्यटकों को हिदायत दे रहे हैं। ऐसे में अब खुद पीड़िता स्पैनिश महिला ने आकर भारत का बचाव किया है और नकारात्मकता फैलाने वालों को करारा जवाब दिया है। आइए जानते हैं कि महिला ने इस पूरे मुद्दे पर क्या कहा।

बकवास मत करो कि...

पीड़ित महिला ने लिखा है- "हमने बहुत सी बेतुकी टिप्पणियां पढ़ी हैं, जिनमें कहा गया है कि हमने भारत आकर यह अपने ऊपर ले लिया, हमें कुछ नहीं हुआ आदि। हमारा मतलब है कि यह किसी के साथ भी हो सकता है। आपकी बेटी, बहन या आपकी मां के साथ और दुनिया के किसी भी देश में। कोई भी स्वतंत्र नहीं है, ऐसा स्पेन, ब्राजील और अमेरिका में पहले भी कई बार हो चुका है। तो यह बकवास मत करो कि ऐसा इसलिए है क्योंकि हम भारत में हैं।

ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है

पीड़ित महिला ने आगे लिखा है- "ऐसा किसी भी यात्री, किसी के साथ भी हो सकता है। हमने 66 देशों में डेरा डाला है, ईरान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान... कई देश जिन्हें "खतरनाक" माना जाता है और हमें कभी कोई समस्या नहीं हुई। हमें केवल स्पेन में, बार्सिलोना में लूटा गया था। इस तरह यह यूरोप की तुलना में अधिक सुरक्षित है, हम अपनी चीजें मोटरसाइकिल, फोन पर छोड़ देते हैं, हम खाने के लिए बाहर जाते हैं और कोई भी कुछ भी नहीं छूता है। उन्होंने ऐसा कभी नहीं किया। हम चाहते हैं कि न केवल हमारे लिए बल्कि उन सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए भी न्याय किया जाए जो इससे गुजर चुकी हैं। हम इस गंदगी के डर से घर में रहना और छुपना बंद नहीं करेंगे।

क्या है पूरा मामला?

झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में शुक्रवार को विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था। पुलिस ने इस मामले के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य की तलाश जारी है। दुमका प्रशासन ने सोमवार को सामूहिक बलात्कार पीड़िता के पति को मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपये का चेक सौंपा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत