1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मिनी मैराथन के बीच अचानक हुई फायरिंग, एक शख्स हुआ घायल; जान बचाकर भागे लोग

मिनी मैराथन के बीच अचानक हुई फायरिंग, एक शख्स हुआ घायल; जान बचाकर भागे लोग

 Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 22, 2024 04:29 pm IST,  Updated : Dec 22, 2024 04:29 pm IST

राउरकेला में मिनी मैराथन के दौरान अचानक फायरिंग का मामला सामने आया है। इस दौरान एक शख्स को गोली भी लग गई, जिसका इलाज चल रहा है। वहीं फायरिंग किसने और क्यों की इसकी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिनी मैराथन के बीच अचानक हुई फायरिंग।- India TV Hindi
मिनी मैराथन के बीच अचानक हुई फायरिंग। Image Source : INDIA TV

ओडिशा के राउरकेला में रविवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना देखने को मिली। यहां एक मिनी मैराथन कार्यक्रम के दौरान अचानक फायरिंग का मामला सामने आया है। फायरिंग की घटना के बाद एक युवक को गोली भी लग गई, जिससे वह घायल हो गया। युवक की पहचान भारतीय रेलवे के कर्मचारी सलील कुमार साहू के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत इस्पात जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई। हालांकि बाद में स्थिति में सुधार होने की जानकारी मिली। यह घटना सेक्टर-2 के बीजू पटनायक चौक पर हुई, जहां मैराथन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलते ही युवक को तुरंत बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया। 

सुबह 6 बजे हुई फायरिंग

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि "हम हर सुबह की तरह आज सुबह भी लगभग 6 बजे सेक्टर 2 के मैदान में वॉकिंग कर रहे थे। हर हफ्ते की तरह आज भी शहर में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया था। इसी बीच अचानक गोली की आवाज सुनाई दी। हम सब डर कर वहां से भागे, तभी हम में से एक व्यक्ति को गोली लगने की जानकारी मिली। हम तुरंत उसे अस्पताल लेकर आए। अस्पताल लाने के बाद पता चला कि उसका नाम सलिल कुमार साहू है और वो रेलवे कर्मचारी है। डॉक्टर ने उन्हें एक्स-रे के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर ने कहा कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है और सलिल जल्द ही ठीक हो जाएंगे।"

जांच में जुटी पुलिस

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिटी डीएसपी ने भी घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस का कहना है कि "हमें सूचना मिली कि सेक्टर 2 में किसी को गोली लगी है। जानकारी मिलते ही हम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। उनके शरीर को गोली छू कर निकली है। हमारी अभी तक की जांच के मुताबिक सुबह सेक्टर 2 के मैदान में कुछ लोग मिनी मैराथन की तैयारी कर रहे थे, तभी उनमें से एक व्यक्ति को गोली लगी है। गोली क्यों और कहां से आई इसकी जांच अभी चल रही है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही सारे तथ्यों को पता चल जाएगा।" (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें- 

सिनेमा हॉल में 'पुष्पा-2' देख रहा था हत्या और तस्करी का आरोपी, पुलिस ने बीच शो से किया गिरफ्तार

दिल्ली में अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ने के लिए अभियान, 175 संदिग्ध पहचाने गए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत