1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तिरुपति: हिसार एक्सप्रेस और रायलसीमा एक्सप्रेस में आग, दोनों गाड़ियों के 2-2 कोच जले

तिरुपति: हिसार एक्सप्रेस और रायलसीमा एक्सप्रेस में आग, दोनों गाड़ियों के 2-2 कोच जले

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jul 14, 2025 06:13 pm IST,  Updated : Jul 14, 2025 06:13 pm IST

हिसार एक्सप्रेस और रायलसीमा एक्सप्रेस यार्ड में खड़ी थीं। इसी दौरान दोनों ट्रेन के कोच में आग लग गई। दोनों गाड़ियों के दो-दो कोच जल गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

Train fire- India TV Hindi
ट्रेन में लगी आग Image Source : X

तेलंगाना के तिरुपति रेलवे स्टेशन पर हिसार एक्सप्रेस और रायलसीमा एक्सप्रेस के डिब्बों में सोमवार को आग लग गई। आग दोनों ट्रेनों के दो डिब्बों तक फैल गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जब ट्रेन में आग लगी, तब दोनों ट्रेनें तिरुपति रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़ी थीं। आग लगने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने बाकी डिब्बों को सफलतापूर्वक अलग कर दिया, जिससे आगे कोई नुकसान नहीं हुआ। 

रेलवे जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आगे की जानकारी का इंतजार है। बताया जा रहा है कि आग लगने के चलते काफी देर तक स्टेशन से ट्रेन का परिचालन नहीं हो सका। इससे कई ट्रेनें लेट भी हो गईं।

बड़ा हादसा टला

हिसार एक्सप्रेस और रायलसीमा एक्सप्रेस ट्रेनें एक दूसरे के समांतर खड़ी थीं। ऐसे में जब आग लगी तो दोनों ट्रेनों के कोच एक साथ जलन लगे। बगल वाले ट्रैक पर वंदे भारत ट्रेन आ रही थी, लेकिन समय रहते उसे रोक दिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के समय हिसार और रायलसीमा एक्सप्रेस खाली थी। इस वजह से कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, वंदे भारत ट्रेन के आग की चपेट में आने पर बड़ा हादसा हो सकता था।

एक घंटे में बुझी आग

आग लगने की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल और राहत बचावकर्मी मौके पर पहुंचे। हालांकि, आग इस कदर फैल चुकी थी कि इसे बुझाने में एक घंटा लग गया। आग बुझने के बाद रेलवे ट्रैक पर खड़े जले हुए रेल के डिब्बों को हटाने का काम किया जा रहा है। आग लगने का कारण अब तक सामने नहीं आया है। अधिकारी पूरी घटना को लेकर जांच कर रहे हैं।

डीजल इंजन ने बढ़ाई चुनौती

रेल अधिकारियों ने बताया कि हादसे का शिकार हुई ट्रेन डीजल इंजन से चलने वाली थी। इस वजह से अग्निशमन दल के लिए चुनौती बड़ी थी। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और रेल कर्मचारियों ने पहले ही जलते हुए कोच बाकी ट्रेन से अलग कर दिए थे। आग लगने के कारण एहतियात के तौर पर आस-पास के इलाकों से लोगों को निकाला गया। इस बीच, आग के कारण चेन्नई और अन्य क्षेत्रों के बीच रेल यातायात प्रभावित हुआ है। दक्षिण रेलवे ने चेन्नई से आठ ट्रेनों को रद्द करने और पांच अन्य का रूट बदलने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें-

दरोगा ने 85% दृष्टिबाधित को बनाया लूट का आरोपी, लाठी को बताया हथियार, कोर्ट ने बरी कर 2 लाख मुआवजा दिलाया

दिल्ली: कांवड़ रूट पर कांच के टुकड़े मिलने का मामला, साजिश नहीं, ई-रिक्शा ड्राइवर की लापरवाही है वजह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत