1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तिरुपति लड्डू विवाद: TDP नेता का दावा, बोले- 'मिलावटी घी की आपूर्ति हुई थी, CBI ने किया कंफर्म'

तिरुपति लड्डू विवाद: TDP नेता का दावा, बोले- 'मिलावटी घी की आपूर्ति हुई थी, CBI ने किया कंफर्म'

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 06, 2025 10:32 pm IST,  Updated : Jun 06, 2025 11:03 pm IST

तिरुपति मंदिर के लड्डू में मिलावट के मामले को लेकर TDP के नेता ने बड़ा दावा किया है। TDP नेता कोम्मारेड्डी पट्टाभि राम ने दावा किया है कि CBI ने स्पष्ट किया है कि मंदिर में मिलावटी घी की आपूर्ति हुई थी।

tirupati laddoo prasadam controversy- India TV Hindi
तिरुपति मंदिर के लड्डू में मिलावट के विवाद पर बड़ा खुलासा। Image Source : PTI

आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद में मिलावट के आरोप को लेकर बीते साल राज्य समेत पूरे देश में काफी हंगामा देखने को मिला था। अब एक बार फिर से इस बारे में चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल, शुक्रवार को राज्य में सत्ताधारी दल TDP के नेता कोम्मारेड्डी पट्टाभि राम ने बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि तिरुपति में मिलावटी घी की आपूर्ति की गई थी और सीबीआई की अध्यक्षता वाली एसआईटी ने भी इस बात को स्पष्ट कर दिया है।

टीडीपी नेता ने क्या दावा किया?

टीडीपी नेता कोम्मारेड्डी पट्टाभि राम ने कहा- "CBI के नेतृत्व वाली SIT ने ये साफ कर दिया है कि भोले बाबा डेयरी जो कि जगन रेड्डी सरकार के दौरान एचआर फूड्स और वैष्णवी डेयरी के माध्यम से TTD को घी की सप्लाई कर रही थी, उसने असल में मिलावटी घी की आपूर्ति की थी। ये बिल्कुल भी शुद्ध घी नहीं था। इस मिलावटी घी को कुछ रासायनिक पदार्थों और कई अन्य सामाग्रियों से तैयार किया गया था। यह जानवरों की चर्बी हो सकती है, जैसा कि लैब रिपोर्ट कह रही है।" कोम्मारेड्डी पट्टाभि ने आगे कहा- "हमें अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार करना होगा। लेकिन सुप्रीम कोर्ट में आरोपी की जमानत याचिका पर बहस के दौरान CBI के नेतृत्व वाली SIT ने ये साफ कर दिया था कि ये मिलावटी घी है। ये खबर सुनना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है।"

क्या है मिलावट का पूरा मामला?

दरअसल, बीते साल सितंबर महीने में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपने पूर्ववर्ती जगन रेड्डी सरकार पर तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलावट के आरोप लगाए थे। नायडू ने तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद को बनाने में जानवर की चर्बी वाले घी के इस्तेमाल होने की बात कही थी। इस मामले को लेकर काफी राजनीतिक हंगामा मचा था। इसके बाद मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने नौ सदस्यों की SIT का गठन किया गया था। ये मामला सुप्रीम कोर्ट में भी गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या निर्देश दिया था?

तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद में मिलावट के विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जांच के लिए पांच सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था। इस एसआईटी में केंद्रीय एजेंसी के दो अधिकारी, आंध्र प्रदेश पुलिस के दो अधिकारी और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का एक अधिकारियों को रखा गया था।

ये भी पढ़ें- तिरुपति मंदिर लड्डू विवाद: CBI की अगुआई में बनी SIT ने 4 लोगों को पकड़ा, टेंडर देने के साथ ही शुरू हो गई थी गड़बड़ी

तिरुपति मंदिर बोर्ड से भाजपा ने की मांग, कहा- 1 हजार गैर हिंदू कर्मचारियों को हटाया जाए

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत