केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिल खोलकर उत्तर प्रदेश की तारीफ की है। उन्होंने यूपी को व्यापार के लिए आदर्श राज्य बताया और कहा कि यहां की कानून व्यवस्था सर्वोच्च स्तर की है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने मुंबई में मीडिया से बात करते हुए यूपी के इंफ्रास्ट्रक्टचर को सराहा। राज्य की स्थिति बेहतर करने का श्रेय उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को दिया।
पीयूष गोयल ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को पूरी तरह से बदल दिया है। उन्होंने इसे व्यापार के लिए एक आदर्श स्थान बना दिया है। उन्होंने सर्वोच्च स्तर की कानून-व्यवस्था स्थापित की है। बुनियादी ढांचा विश्वस्तरीय है। वहां के लोग उत्साहित हैं। वे अपने बच्चों और अपने परिवारों के लिए एक बेहतर भविष्य बनाना चाहते हैं। और राज्य का भविष्य बहुत ही उज्ज्वल है। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।"
उत्तर प्रदेश बना औद्योगिक विकास का नया हब
वार्षिक औद्योगिक सर्वेक्षण (एएसआई) 2023-24 के ताजा आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश रोज़गार सृजन, फैक्ट्री इकाइयों की संख्या, उत्पादन और सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) जैसे कई महत्वपूर्ण पैमानों पर देश के शीर्ष 5 औद्योगिक राज्यों में शामिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की औद्योगिक नीतियां उत्तर प्रदेश को तेजी से भारत के औद्योगिक मानचित्र पर एक प्रमुख राज्य के रूप में स्थापित कर रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023-24 में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार में 5.92% की वृद्धि दर्ज की गई। पिछले एक दशक (2014-15 से 2023-24) के दौरान राज्य में 57 लाख से अधिक नौकरियों का सृजन हुआ। रोजगार में उत्तर प्रदेश अब तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों के साथ शीर्ष 5 में शामिल है।
उत्पादन और जीवीए में रिकॉर्ड वृद्धि
रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2023-24 में औद्योगिक उत्पादन में 5.80% की वृद्धि दर्ज की गई। सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) में 11.89% की बढ़त देखने को मिली, जिसमें उत्तर प्रदेश की 7% भागीदारी रही। बेसिक मेटल्स, मोटर वाहन, केमिकल्स, फूड प्रोडक्ट्स और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में प्रदेश की भूमिका अत्यंत प्रभावशाली रही है। उत्तर प्रदेश का हिस्सा अब कुल राष्ट्रीय फैक्ट्रियों का 8.51% है, जिससे यह देश में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। तमिलनाडु (15.43%), गुजरात (12.81%) और महाराष्ट्र (10.20%) के बाद उत्तर प्रदेश की यह स्थिति राज्य की औद्योगिक आधार संरचना में हो रहे सुधार को स्पष्ट करती है।
यह भी पढ़ें-