1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. विनेश फोगाट ने किया संन्यास का ऐलान, शशि थरूर ने दिया ये बयान

विनेश फोगाट ने किया संन्यास का ऐलान, शशि थरूर ने दिया ये बयान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 08, 2024 06:05 pm IST,  Updated : Aug 08, 2024 06:16 pm IST

पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित होने के बाद भारतीय स्टार रेसलर विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। विनेश फोगाट के इस फैसले पर शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है।

विनेश फोगाट के ऐलान पर शशि थरूर का बयान- India TV Hindi
विनेश फोगाट के ऐलान पर शशि थरूर का बयान Image Source : PTI

भारतीय स्टार रेसलर विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। वह पेरिस ओलंपिक के 50 किलोग्राम कैटेगरी के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई थी, लेकिन फाइनल मुकाबले से पहले ही उन्हें वजन की वजह से डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। इससे हताश होकर अगले दिन ही उन्होंने संन्यास लेने की घोषणा कर दी। अब इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है। 

विनेश फोगाट ने संन्यास लेने का ऐलान ऐसे समय में किया, जब वो अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करने से चूक गईं। भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने 'एक्स' पर लिखा, "मा कुश्ती मेरे से जीत गई, मैं हार गई, माफ करना, आपका सपना मेरी हिम्मत सब टूट चुके, इससे ज्यादा ताकत नहीं रही अब। अलविदा कुश्ती 2001-2024।" उनके इस पोस्ट पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लिखा, "इस सिस्टम से पक गई है ये लड़की, लड़ते-लड़ते थक गई है ये लड़की...#SorryVinesh!"

प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताया दुख

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने विनेश फोगाट की फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की है। बता दें कि पेरिस ओलंपिक में फाइनल मुकाबले से कुछ घंटे पहले विनेश फोगाट को 100 ग्राम ज्यादा वजन होने के चलते अयोग्य करार दे दिया गया। विनेश फोगाट के डिसक्वालिफाई होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, "विनेश आप चैंपियंस की चैंपियन हो। आप भारत के लोगों के लिए गर्व और प्रेरणा हैं। आज का झटका दुख देता है। काश, शब्द उस निराशा की भावना को व्यक्त कर पाते जो मैं अनुभव कर रहा हूं। मैं जानता हूं कि आप चुनौतियों का डटकर मुकाबला करेंगी, ऐसा आपका स्वभाव रहा है। मजबूत होकर वापस आओ। हम सब आपके साथ हैं।"

संन्यास का फैसला ले सकती हैं वापस?

वहीं, अब ये खबर भी सामने आ रही है कि विनेश फोगाट संन्यास का फैसला वापस ले सकती हैं। वह दोबारा रेसलिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस बात की जानकारी उनके ताऊ और द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित महावीर फोगाट ने दी है। महावीर फोगाट का यह बयान उस वक्त आया है, जब विनेश फोगाट ने पहलवानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले पर पहली बार मीडिया के सामने आए महावीर ने कहा, "जब कोई खिलाड़ी देश के लिए खेलता है, तो वह देश के लिए मेडल जीतना चाहता है। विनेश भी इसी मानसिकता के साथ पेरिस ओलंपिक में गई थीं। जब वजन ज्यादा होने के कारण उन्हें फाइनल की दौड़ से बाहर होना पड़ा, तो स्वाभाविक है कि किसी का भी मन टूट जाता है।"

उन्होंने कहा, "जब वह घर लौटेंगी तो हम उन्हें समझाएंगे कि वह संन्यास लेने का फैसला वापस ले लें। हमें उम्मीद है कि वह हमारी बातों को समझेंगी और संन्यास का फैसला वापस लेंगी। हम विनेश फोगाट को 2028 के ओलंपिक में गोल्ड के लक्ष्य के साथ कड़ी मेहनत कराएंगे।" उन्होंने कहा कि संन्यास लेने का फैसला उन्होंने खुद किया है। परिवार से इस संबंध में पूछा नहीं गया है।

ये भी पढ़ें- 

"आप अध्यक्ष के अधिकार के संरक्षक नहीं", सदन में अखिलेश यादव पर क्यों भड़के अमित शाह?

पंजाब से आने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर, दिल्ली एयरपोर्ट पर खुला 'सहायता केंद्र', मिलेंगी ये सुविधाएं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत