1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. पंजाब से आने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर, दिल्ली एयरपोर्ट पर खुला 'सहायता केंद्र', मिलेंगी ये सुविधाएं

पंजाब से आने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर, दिल्ली एयरपोर्ट पर खुला 'सहायता केंद्र', मिलेंगी ये सुविधाएं

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 08, 2024 05:19 pm IST,  Updated : Aug 08, 2024 05:19 pm IST

दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर पंजाब सहायता केंद्र खोला गया। यह केंद्र पंजाबियों को विभिन्न समस्याओं से निपटने में मदद करेगा।

भगवंत मान ने पंजाब सहायता केंद्र का किया शुभारंभ- India TV Hindi
भगवंत मान ने पंजाब सहायता केंद्र का किया शुभारंभ Image Source : PTI

पंजाब से दिल्ली आने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर गुरुवार को पंजाब सहायता केंद्र खोला गया। इस सहायता केंद्र पर एनआरआई और यात्रियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। सहायता केंद्र में यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-61232182 शुरू किया गया है। यह केंद्र पंजाबियों को विभिन्न समस्याओं से निपटने में मदद करेगा। पंजाब सहायता केंद्र खुलने से यात्रियों को राहत मिलेगी और उनकी समस्याओं का समाधान होगा।

24 घंटे कर्मचारी रहेंगे तैनात

पंजाब सरकार के प्रतिनिधियों ने कहा कि जनता की सरकार पंजाबियों की हर संभव मदद के लिए है। लोगों की सुविधा के लिए इस सहायता केंद्र पर 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर पंजाब सहायता केंद्र का शुभारंभ किया। इस सेंटर पर लोगों को फ्लाइट, टैक्सी से लेकर हर तरह की मदद मिलेगी। आपात स्थिति में यात्रियों या उनके रिश्तेदारों के लिए दिल्ली स्थित पंजाब भवन में कमरे भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इस सेंटर पर तैनात स्टाफ की पकड़ अंग्रेजी, हिंदी और पंजाबी भाषा पर अच्छी तरह से होगी।

"दिल्ली की पुलिस हमारे हाथ में नहीं"

पंजाब की गाड़ियों को दिल्ली में तंग किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली की पुलिस हमारे हाथ में नहीं है। हमें इस तरह के कई संदेश मिले हैं कि दिल्ली आने वाली पंजाब की गाड़ियों को तंग किया जाता है। हमारे पास अब एमसीडी आ गई है। आने वाले कुछ दिनों में यह परेशानी भी दूर हो जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि एयरपोर्ट पर स्थापित इस सेंटर पर लोगों को इस बात की भी जानकारी दी जाएगी कि कौन सी गाड़ी कहां से मिलेगी। लोगों के साथ लूट नहीं होने दी जाएगी।

भगवंत मान ने पंजाब सहायता केंद्र का किया शुभारंभ
Image Source : PTIभगवंत मान ने पंजाब सहायता केंद्र का किया शुभारंभ

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "कुछ दिन पहले मैंने कहा था कि हम पंजाबियों की मदद के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर एक पंजाब सहायता केंद्र खोलने जा रहे हैं और मुझे यह जानकारी देते हुए खुशी हो रही है कि आज हम इसे पंजाबियों को समर्पित करने जा रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि हमारी सरकार की इस पहल से पंजाबियों और एनआरआई की मुश्किलें कम होंगी।"

विनेश फोगाट के अयोग्य होने पर जताया दुख

वहीं, विनेश फोगाट के अयोग्य होने पर उन्होंने कहा कि यह बड़ी दुखदाई बात है। हमारा गोल्ड मैडल छीन लिया गया। विनेश के ताऊ से मेरी बात हुई। उन्होंने कहा कि वजन तो पहले भी होता है  अगर विनेश का वजन ज्यादा था, तो उसका बाल काट सकते थे। 100 ग्राम का ही तो चक्कर था। किसी ने ध्यान नहीं दिया, पता नहीं हमारे कोच और फिजियोथेरेपिस्ट वहां क्या करने गए थे। हम गोल्ड मेडल से वंचित रह गए। फोगाट चैंपियन थी और चैंपियन रहेगी। (IANS)

ये भी पढ़ें- 

"आप अध्यक्ष के अधिकार के संरक्षक नहीं", सदन में अखिलेश यादव पर क्यों भड़के अमित शाह?

लोकसभा में आज पास नहीं हो सका वक्फ संशोधन विधेयक, जानें किसने क्या कहा?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।