1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. वायनाड में भूस्खलन से तबाही, राष्ट्रीय आपदा की मांग को लेकर क्या बोले केरल से इकलौते BJP सांसद?

वायनाड में भूस्खलन से तबाही, राष्ट्रीय आपदा की मांग को लेकर क्या बोले केरल से इकलौते BJP सांसद?

 Published : Aug 04, 2024 02:25 pm IST,  Updated : Aug 04, 2024 02:28 pm IST

केरल के वायनाड जिले में भूस्खलन से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। जिले में 300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। अभी भी मलबे से शव निकाले जा रहे हैं। सेना और एनडीआरएफ टीम का राहत और बचाव कार्य जारी है।

वायनाड में भूस्खलन से तबाही- India TV Hindi
वायनाड में भूस्खलन से तबाही Image Source : PTI

केरल के पर्वतीय जिले में भारी बारिश के बीच भूस्खलन (Landslides) से 300 से अधिक मौते हो गईं। काफी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। जिले में राहत और बचाव कार्य अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार से केरल के वायनाड जिले में भूस्खलन की घटना को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की विभिन्न हलकों से उठ रही मांग की वैधता की जांच करेगी। इस घटना में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। 

कानूनी पहलुओं की जांच की जाएगी

केंद्रीय पर्यटन, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री गोपी ने कहा कि केंद्र सरकार भूस्खलन का मूल्यांकन करने के बाद इसके कानूनी पहलुओं की जांच करेगी। वायनाड जिले के मुंडक्कई और चूरलमाला में भूस्खलन से सैकड़ों घर तबाह हो गए हैं और बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं। 

वायनाड पहुंचे थे केंद्रीय मंत्री

सुरेश गोपी ने कहा कि प्रभाव का आकलन किया जाना चाहिए। केंद्रीय राज्य मंत्री भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए वायनाड पहुंचे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पर उन्होंने जो कुछ भी देखा और समझा है उसे वह केंद्र सरकार के सामने रखेंगे। 

राज्य सरकार को केंद्र को करना होगा सूचित

केरल को केंद्र द्वारा दी जाने वाली सहायता के संबंध में पूछे जाने पर गोपी ने कहा कि राज्य को भूस्खलन के प्रभाव का आकलन करना होगा। इसको लेकर केंद्र से अनुरोध किया जाएगा। राष्ट्रीय आपदा घोषित किए जाने को लेकर राज्य को केंद्र को सूचित करना होगा। इसके बाद ही केंद्र सरकार से सहायता प्रदान करने के बारे में कुछ कहा जा सकता है।

भाषा के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत