1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather News: देश के 9 राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी, 43 डिग्री पहुंचा तापमान, यहां पर बारिश का अलर्ट

Weather News: देश के 9 राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी, 43 डिग्री पहुंचा तापमान, यहां पर बारिश का अलर्ट

 Published : Apr 04, 2024 07:41 am IST,  Updated : Apr 04, 2024 07:52 am IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों तक अरुणाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, पंजाब और अन्य राज्यों सहित विभिन्न राज्यों में बारिश और लू की स्थिति की भविष्यवाणी की है।

7 अप्रैल तक गर्म मौसम रहने की संभावना है।- India TV Hindi
7 अप्रैल तक गर्म मौसम रहने की संभावना है। Image Source : PTI

नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग की तरफ से दी गई सूचना के अनुसार, झारखंड, तेलंगाना और रायलसीमा में 4-6 अप्रैल के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव (लू) चलेगी। इन इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी सात अप्रैल तक लू जैसी स्थिति बनी रहेगी। यहां पर कड़ी धूप निकलेगी। इसकी वजह से गर्मी में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। इसके अलावा केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में  7 अप्रैल तक गर्म मौसम रहने की संभावना है।  

43 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान रायलसीमा में भीषण गर्मी देखने को मिली। नान्डयाल में अधिकतम तापमान  43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के इलाकों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।  

इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, असम और मेघालय में आज और कल भारी बारिश की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 7 अप्रैल तक भारी बारिश के साथ बर्फबारी का भी अलर्ट जारी किया गया है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 अप्रैल तक हल्की से मध्यम वर्षा होगी। 6 से 9 अप्रैल तक गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड में छिटपुट गरज और बिजली के साथ छिटपुट हल्की या मध्यम वर्षा होने की संभावना है। जबकि बिहार में 7 और 8 अप्रैल को बारिश हो सकती है।

  दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना जताते हुए अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। 

ये भी पढ़ें- झारखंड समेत 10 राज्यों में लू की चेतावनी, दिल्ली में बारिश का अलर्ट, जानें आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-यूपी में बढ़ने वाली है गर्मी, 5 राज्यों में हीटवेब का अलर्ट, पूर्वोत्तर में बारिश-तूफान से बिगड़े हालात

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत