1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. झारखंड समेत 10 राज्यों में लू की चेतावनी, दिल्ली में बारिश का अलर्ट, जानें आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम

झारखंड समेत 10 राज्यों में लू की चेतावनी, दिल्ली में बारिश का अलर्ट, जानें आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम

 Published : Apr 03, 2024 07:26 am IST,  Updated : Apr 03, 2024 07:35 am IST

मौसम विभाग ने झारखंड, ओडिशा समेत कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में आज भी बारिश जारी रह सकती है।

आज कैसा रहेगा मौसम- India TV Hindi
आज कैसा रहेगा मौसम Image Source : PTI

नई दिल्लीः उत्तर भारत और दक्षिण भारत के राज्यों में एक ओर जहां तापमान में बढ़ोतरी हो रही है वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने झारखंड, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा,  रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में छह अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिन में तेज धूप देखने को मिल रही है।  केरल, माहे, तेलंगाना, तमिलनाडु और पुडुचेरी और कराईकल में भी मौसम गर्म रहेगा। 

 

पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश-बर्फबारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में सात अप्रैल तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। अरुणाचल प्रदेश में बर्फबारी भी हो सकती है। असम और मेघालय में 4 और 6 अप्रैल को भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वोत्तर के राज्यों में सात अप्रैल तक बारिश और तूफान की गतिविधि जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली के लोगों से गर्मी से राहत

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा अप्रैल से जून के मध्य देश में अधिक गर्मी पड़ने की चेतावनी के बीच राष्ट्रीय राजधानी में अप्रैल के महीने में 12 साल में चौथी बार मंगलवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। आईएमडी के आंकड़ों से पता चलता है कि यह 2012 से चौथी बार है जब अप्रैल में न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, आठ अप्रैल 2023 को न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री, तीन अप्रैल 2021 को 11.7 डिग्री और चार अप्रैल 2020 को 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे

निजी मौसम एजेंसी ‘स्काई मेट वेदर’ में उपाध्यक्ष मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन महेश पहलावत ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी वासियों को गर्मी से यह राहत अस्थायी है और अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने से कहा, “ यह एक-दो दिन की राहत है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ फिर से आ रहा है जिससे हवाओं की दिशा बदलेगी। जब उत्तर पश्चिम हवाएं चलती हैं और आसमान साफ होता है तो रातभर में ठंड हो जाती है जिससे न्यूनतम तापमान गिर जाता है। पहलावत ने कहा, “तीन और पांच अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादल छा सकते हैं। इससे अधिकतम तापमान में कमी हो सकती है।

दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो सकता है जबकि यह बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बढ़कर 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान भी 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आईएमडी ने बताया कि बुधवार और शुक्रवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।  

(पीटीआई इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत