Wednesday, December 10, 2025
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज का मौसम 29 दिसंबर: दिल्ली-यूपी में शीतलहर, हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी की चेतावनी, मध्य प्रदेश में अलर्ट जारी

आज का मौसम 29 दिसंबर: दिल्ली-यूपी में शीतलहर, हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी की चेतावनी, मध्य प्रदेश में अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में शीत लहर शुरू हो सकती है। दिल्ली-यूपी जैसे मैदानी इलाकों में तेज ठंड और पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मध्य प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

Edited By: Shakti Singh
Published : Dec 29, 2024 07:00 am IST, Updated : Dec 29, 2024 07:00 am IST
Gurugram Rain- India TV Hindi
Image Source : PTI गुरुग्राम में बारिश के बाद सड़कों पर भरा पानी

मौसम विज्ञान विभाग ने 29 दिसंबर से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति शुरू होने की संभावना जताई है। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, पंजाब और राजस्थान में जमकर कोहरा गिर रहा है। उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी कोहरा परेशानी बन सकता है। मध्य प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने और ओला गिरने की आशंका है। यहां बादलों के गरजने के साथ तेज गति से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान के अलग-अलग स्थानों में 28-30 दिसंबर के दौरान देर रात/सुबह के दौरान घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों में 30 और 31 दिसंबर को शीत लहर से लेकर भीषण शीत लहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है।  

दिल्ली में रिकॉर्डतोड़ बारिश

दिल्ली में शनिवार को 101 वर्षों में दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 41.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण दिनभर तापमान सामान्य से कम रहा। राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिसंबर 1923 को एक ही दिन में सबसे अधिक बारिश हुई थी, जो 75.7 मिमी थी। 1901 में आंकड़े दर्ज किये जाने के बाद से दिसंबर 2024 माह वार बारिश के मामले में अब तक का पांचवा सर्वाधिक वर्षा वाला माह रहा। आईएमडी ने कहा कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के साथ इसके संपर्क के कारण दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ रहे हैं। 

दिल्ली में घने कोहरे का अनुमान

मौसम विभाग ने रविवार को घने कोहरे का अनुमान व्यक्त किया है तथा अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 17 और 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ और शनिवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 135 दर्ज किया गया। समीर ऐप के अनुसार 28 निगरानी केन्द्रों में से चार - आईएचबीएएस दिलशाद गार्डन, लोधी रोड और श्री अरबिंदो मार्ग में एक्यूआई 'संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज की गई और यह 100 से नीचे रही। बाकी केन्द्रों में एक्यूआई 'मध्यम' और 'खराब' श्रेणियों में दर्ज की गई।

पंजाब, हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शनिवार को लगातार दूसरे दिन बारिश हुई, जिससे दोनों राज्यों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में दिन का तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना में 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में अधिकतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 15 डिग्री और फिरोजपुर में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement