1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: दिल्लीवालों हो जाओ तैयार, अब सताएगी लू और गर्मी, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: दिल्लीवालों हो जाओ तैयार, अब सताएगी लू और गर्मी, IMD ने जारी किया अलर्ट

 Published : Jun 08, 2023 07:31 am IST,  Updated : Jun 08, 2023 07:31 am IST

दिल्ली में गुरुवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और 12 जून तक 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही दिन में तेज गर्म हवाओं के चलने की भी चेतावनी दी गई है।

Delhi-NCR, Uttar Pradesh, Monsoon, IMD, Rain, Summer- India TV Hindi
Weather Update Image Source : तस्वीर प्रतीकात्मक है

नई दिल्ली: इस साल दिल्ली वालों को अभी तक ज्यादा गर्मी का एहसास नहीं हुआ है। बारिश की वजह से तापमान में बढ़ोतरी नहीं हुई थी। लू ने भी अपना प्रकोप नहीं दिखाया था लेकिन अब गर्मी भी अपना तांडव दिखाएगी और लू का भी प्रकोप दिखेगा। तापमान बढ़ेगा और उमस भरी गर्मी परेशानी का सबब बनेगी। IMD ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि नौ जून से अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ेगा और 41 डिग्री के पार पहुंच जाएगा। इसके बाद 12 से लेकर 13 जून तक पारा 42 डिग्री पहुंचने की संभावना है।

उत्तर भारत में चलेगी लू 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने समूचे उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में लू भी चलेगी, जिससे तापमान में बेतहाशा बढ़ोतरी होगी। हालांकि इस दौरान राजस्थान के कई इलकों में हलकी बारिश हो सकती है, जिससे वहां तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके साथ IMD ने ही बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वी झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के कई इलाकों में 10 जून तक गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

कब आएगा मानसून?

वैसे तो इस समय तक मानसून केरल में प्रवेश कर चुका होता है। लेकिन इस साल मानसून के आने में काफी देरी हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 जून तक मानसून केरल के तटीय भागों में आ जाता लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने ताजा जानकारी देते हुए बताया है कि अगले 48 घंटों में मानसून केरल में पहुंच जाएगा। 

इस साल मई रहा था 36 वर्षों में सबसे ज्यादा ठंडा 

इस साल मई में पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में जमकर बरसात हुई थी। बारिश की वजह से तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली थी। तापमान में ऐसी गिरावट दर्ज हुई कि उसने 36 वर्षों का रिकॉर्ड ही तोड़ दिया। पिछले 36 वर्षों में मई के महीने में ऐसी गिरावट दर्ज नहीं की थी।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत