1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD Weather Today: ठंड ने इन राज्यों में दिखाया 'रौद्र' रूप, लाहौल स्पीति में नदी-नाले जमे, यहां पर छाया घना कोहरा; देखें VIDEO

IMD Weather Today: ठंड ने इन राज्यों में दिखाया 'रौद्र' रूप, लाहौल स्पीति में नदी-नाले जमे, यहां पर छाया घना कोहरा; देखें VIDEO

 Published : Dec 20, 2023 08:13 am IST,  Updated : Dec 20, 2023 10:13 am IST

IMD Alert: उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों में अगले 24 घंटे तक कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है। वहीं, तमिलनाडु में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश की संभावना है।

लाहौल स्पीति जिले में नदी नाले जमे- India TV Hindi
लाहौल स्पीति जिले में नदी नाले जमे Image Source : INDIA TV

IMD Weather Update Today:उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। झारखंड की राजधानी रांची में इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। यहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब और असम समेत कई राज्यों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब,  हरियाणा,चंडीगढ़,दिल्ली और यूपी के कुछ हिस्से, उत्तर पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश,उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बिहार में न्यूनतम तापमान 4 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। असम में गुवाहाटी समेत कई शहरों में पारा 11-12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

लाहौल स्पीति में नदी नाले जमे

हिमाचल प्रदेश में फ्रीजिंग टैंप्रेचर के चलते लाहौल स्पीति जिले में नदी नाले जमकर बर्फ हो चुके हैं। सड़कों पर पानी बहते-बहते मानो ठहर सा गया हो। पूरी घाटी का तापमान माइनस 15 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया है। ऐसे में सड़क पर जमा, हुआ पानी सीसे की तरह सख्त और फिसलन भरा है। हालांकि 15 नवंबर के बाद अधिकारिक रूप से यह सड़क मार्ग बंद है मगर फिर भी, एडवेंचर के चाहवान, जान जोखिम में डालकर यहां आते जाते रहते हैं।

वीडियो देखें

कहां कितना तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.9,  पटियाला में 6, अंबाला में 8, हिसार में 6.6, करनाल में 6.1, दिल्ली के लोधी रोड पर 6.7, यूपी के मेरठ में 7.9, बिहार के गया में 6.1, मध्य प्रदेश के रीवा में 6.6, छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 5.3 और झारखंड की राजधानी रांची में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में शीतलहर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा देखने को मिला। दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।  इस दौरान वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही।

माउंट आबू में तापमान जमाव बिंदु से नीचे 

राजस्थान के पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में बुधवार को लगातार चौथे दिन न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा और पारा एक डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। माउंट आबू में मैदान में लगी घास, फूल-पत्तियों, और वाहनों के शीशों पर बर्फ की परतें जमीं देखी गईं। पर्यटक स्थल पर पहुंचे सैलानियों ने गर्म कपड़ों में चहल-कदमी करते सर्दी के मौसम का आनंद उठाते नजर आये। राज्य के अन्य स्थानों पर रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ सर्दी ने जोर पकड़ लिया है।

बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 22 दिसंबर तक राज्य के कुछ भागों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग एवं शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। 23-24 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट होने और राज्य के अधिकतर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।  

यहां देखे मौसम के सभी अपडेट्स- मौसम का हाल

कश्मीर में ठंड का सितम जारी 

पूरे कश्मीर में रात का न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोगों को बहुत परेशानी हुई। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सोमवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.5 डिग्री सेल्सियस से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम है।  मौसम वैज्ञानिकों ने घाटी में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत