1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में बढ़ी ठिठुरन, कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी के अनुमान, जानें देश के मौसम का मिजाज

दिल्ली में बढ़ी ठिठुरन, कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी के अनुमान, जानें देश के मौसम का मिजाज

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Nov 20, 2022 08:27 am IST,  Updated : Nov 20, 2022 08:35 am IST

Weather Update Today: दिल्ली में ठंड बढ़ गई है। आने वाले 2-3 दिनों में दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में ठंड और बढ़ेगी। वहीं, आज कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

वेदर रिपोर्ट- India TV Hindi
वेदर रिपोर्ट Image Source : PTI

Weather Update Today: देश की राजधानी दिल्ली में ठिठुरन बढ़ गई है। यहां पिछले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में कंपकपाने वाली ठंड पड़ने वाली है। पहाड़ों से लगातार आ रही ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। बता दें कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर चल रहा है और मैदानी इलाकों में सुबह-शाम की ठंड पड़ रही है। वहीं, आज कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को इस ठंड में प्रदूषण से राहत मिल सकती है। फिलहाल वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI में सुधार नहीं देखा जा रहा है। दिल्ली के कई इलाकों में AQI 325 के ऊपर दर्ज किया गया है। हालांकि, पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते बीते कुछ हफ्तों से दिल्ली में छाई धुंध की चादर से लोगों को थोड़ी बहुत राहत जरूर मिली है। 

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस

राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ठंड बढ़ने के साथ दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से अच्छी धूप देखी जा रही है। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। उत्तर पश्चिम से आ रही सर्द हवाएं ठंड बढ़ने का अहसास दिला रही हैं। यह भी तय है कि आने वाले दो से तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में ठंड और बढ़ेगी। 

कई राज्यों में बारिश-बर्फबारी की संभावना

स्काईमेट के मुताबिक, आज कई राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। रविवार को गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 

दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम का हाल

इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में छिटपुट या हल्की बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत