1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जब 'शोले' का वीरू बन गया सांड, 50 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया, फिर...VIDEO

जब 'शोले' का वीरू बन गया सांड, 50 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया, फिर...VIDEO

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 28, 2025 11:45 pm IST,  Updated : Aug 28, 2025 11:49 pm IST

एक सांड अचानक 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। जब गांववालों ने दिन के समय सांड को सीढ़ियों से ऊपर चढ़ते देखा तो वे हैरान रह गए।

पानी टंकी पर चढ़ा सांड- India TV Hindi
पानी टंकी पर चढ़ा सांड Image Source : REPORTER INPUT

फिल्म 'शोले' में वीरू का पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा करने वाला सीन तो आपने देखा होगा। पानी की टंकी पर चढ़ जाता है और चिल्लाता है, "कूद जाऊंगा फांद जाऊंगा"। ठीक ऐसा ही नजारा ओडिशा के भद्रक जिले में भी दिखा, पर टंकी पर इस बार कोई इंसान 'वीरू' नहीं, बल्कि सांड चढ़ गया। 

दरअसल, तिहिड़ी ब्लॉक के सया पंचायत अंतर्गत तलबंध गांव में एक सांड अचानक गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया। यह पानी की टंकी करीब 50 फीट ऊंची है। दिन के समय जब लोगों ने सांड को टंकी की सीढ़ियों से ऊपर चढ़ते देखा तो सभी चौंक गए।

8 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

गांववालों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग, तिहिड़ी के पशु संसाधन अधिकारी, और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब 8 घंटे तक सांड पानी की टंकी के ऊपर ही अटका रहा मानो वह अपने आप को किसी फिल्म का हीरो मान बैठा हो।

सांड को सुरक्षित नीचे उतारने में प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पहले तो सब यही सोच रहे थे कि इतनी ऊंचाई से उसे नीचे कैसे उतारा जाए। किसी को कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। प्रशासन की टीम ने सांड को नीचे लाने की कोशिश शुरू की, लेकिन सांड डर के मारे ऊपर ही घूमता रहा।

रस्सी से बांध कर सांड को नीचे लाया गया

आखिरकार, शाम होने के बाद प्रशासन ने सांड को रस्सी से बांधकर धीरे-धीरे नीचे लाया। नीचे आते ही पशु चिकित्सक ने उसकी जांच की और प्राथमिक इलाज दिया। सौभाग्य से सांड को कोई गंभीर चोट नहीं आई। यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई है। जहां कुछ लोग इसे प्रशासन की लापरवाही मान रहे हैं, वहीं कई लोगों को यह अजीब लेकिन मजेदार लग रही है। लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

रेलवे का बड़ा फैसला- वंदे भारत एक्सप्रेस में बढ़ाए जाएंगे डिब्बे, इन 7 रूटों पर मिलेंगी ज्यादा सीटें

VIDEO: पंजाब में बाढ़ का तांडव, डेरा बाबा नानक में डूबा सेना का कैंप, हेलीकॉप्टर से निकाले गए जवान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत