इंफाल: पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थौनाओजम श्यामकुमार सहित पार्टी के सभी 4 विधायक रविवार को राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस में शामिल हो गए। श्यामकुमार ने कहा, ‘हमने तृणमूल कांग्रेस छोड़ने का निर्णय इसलिए लिया, क्योंकि राष्ट्रीय नेता हमारी उपेक्षा कर रहे थे। हमें अपनी स्थिति मजबूत करनी है, क्योंकि हम लोगों के प्रति जवाबदेह हैं।’
उन्होंने कहा, ‘इनर लाइन परमिट लागू करने की मांग मणिपुर में सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर रही है। 10 लोग मारे जा चुके हैं। हमारे अनुरोध के बावजूद तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने संसद में इस मुद्दे को उठाने से इनकार कर दिया। इससे पता चलता है कि पार्टी को मणिपुर के लोगों की कोई चिंता नहीं है।’
उल्लेखनीय है कि 2012 के मणिपुर विधानसभा चुनाव में तृणमूल के 6 उम्मीदवार चुने गए थे। इनमें से 3 को विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम लोकेश्वर सिंह ने 2015 में अयोग्य करार दे दिया। लेकिन उनमें से एक को सदन की बैठक में भाग लेने की अनुमति दे दी गई थी। इन 4 विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी का मनोबल बढ़ा है, क्योंकि इसके पहले कांग्रेस विधायक यमखम एराबत 12 सितंबर को बीजेपी में शामिल हो गए थे।