1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अमित शाह ने राहुल गांधी और हिमाचल के सीएम वीरभद्र सिंह पर साधा निशाना

अमित शाह ने राहुल गांधी और हिमाचल के सीएम वीरभद्र सिंह पर साधा निशाना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 01, 2017 11:58 pm IST,  Updated : Nov 01, 2017 11:58 pm IST

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा और उन पर राज्य में भ्रष्टों को बचाने एवं ‘‘माफिया राज’’ कायम रखने के आरोप लगाए।

Amit shah- India TV Hindi
Amit shah

हमीरपुर, मंडी: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा और उन पर राज्य में भ्रष्टों को बचाने एवं ‘‘माफिया राज’’ कायम रखने के आरोप लगाए। शाह ने मंडी जिले के सेराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग और हमीरपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि गत पांच वर्षों में विकास रूक गया है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के संरक्षण में विभिन्न माफिया के ‘‘बढ़ने’’ के कारण लोग आतंक के साये में रहने के लिए मजबूर हैं। 

शाह ने कहा, ‘‘गांधी..नेहरू परिवार के चार पीढ़ियों के वंशवादी शासन के दौरान कांग्रेस ने देश के लिए कुछ भी नहीं किया और आज राहुल बाबा मोदी सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कुछ भी किया है, वह कांग्रेस की क्षमता के परे है और इसी कारण से गांधी केंद्र सरकार के खिलाफ झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष और मुख्यमंत्री राज्य में भ्रष्टों का बचाव कर रहे हैं और ‘‘माफिया राज’’ कायम है। 

68 सदस्यीय हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए मतदान नौ नवम्बर को होगा और मतों की गिनती 18 दिसम्बर को होगी। शाह ने कहा कि गत पांच वर्षों के कांग्रेस शासन के दौरान मुख्यमंत्री के पुत्र विक्रमादित्य सिंह की सम्पत्ति में ‘‘अभूतपूर्व’’ वृद्धि हुई है और यह 1.79 करोड़ रूपये से बढ़कर 84 करोड़ रूपये हो गई है। अब यह राहुल गांधी पर है कि वह सिंह से पूछें कि उन्हें यह रूपये कैसे मिले। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार कानून एवं व्यवस्था के मोर्चे पर बुरी तरह से असफल रही है और स्थिति इतनी खराब है कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी कोटखाई के गुड़िया बलात्कार मामले में एक व्यक्ति की हिरासत में मौत के सिलसिले में जेल में थे।उन्होंने कहा कि इस घटना ने राज्य सरकार को शर्मिंदा किया है और लोग ऐसे जघन्य कृत्य के लिए कांग्रेस को माफ नहीं करेंगे। भाजपा अध्यक्ष शाह ने विकास परियोजनाओं की धीमी गति एवं सुस्त क्रियान्वयन का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार द्वारा मंजूर 71 राष्ट्रीय राजमार्गों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने में असफल रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत