नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय गृह सचिव अनिल बैजल ने शनिवार को दिल्ली के उपराज्यपाल पद की शपथ ली। दिल्ली उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी.रोहिणी ने उपराज्यपाल कार्यालय में बैजल को शपथ दिलाई।
बैजल 1969 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं। उन्होंने नजीब जंग की जगह पद्भार संभाला है। जंग ने पिछले दिनों अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
कौन हैं अनिल बैजल
- 1969 बैच के IAS अधिकारी रहे
- वाजपेयी सरकार में गृह सचिव रहे
- डीडीए के वाइस चेयरमैन रहे
- एयर इंडिया के CMD, प्रसार भारती के CEO रहे
- 2006 में शहरी विकास सचिव के पद से रिटायर
ख़ास बात यह है कि अनिल बैजल को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का करीबी माना जाता है। दोनों ने उत्तर-पूर्व में साथ साथ काम किया है। अनिल बैजल थिंक टैंक विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन की कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा पर इस थिंक टैंक की स्थापना अजित डोभाल ने ही की थी।
नौकरशाही में 37 साल का अनुभव रखने वाले अनिल बैजल इससे पहले इंडियन एयरलाइन्स के एमडी, प्रसार भारती के सीईओ और दिल्ली विकास प्राधिकरण के वाईस चेयरमैन समेत कई अहम पदों पर रह चुके हैं।