1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस विधायकों को करोड़ों रुपये, पदों का प्रलोभन दे रही है भाजपा: चोडणकर

कांग्रेस विधायकों को करोड़ों रुपये, पदों का प्रलोभन दे रही है भाजपा: चोडणकर

 Reported By: PTI
 Published : Jun 09, 2019 10:23 pm IST,  Updated : Jun 09, 2019 10:23 pm IST

गोवा में विपक्षी कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा करोड़ों रुपये और पदों की पेशकश कर उसके विधायकों को अपने पाले में करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, भगवा दल ने इस आरोप को खारिज कर दिया है।

bjp congress- India TV Hindi
bjp congress

पणजी: गोवा में विपक्षी कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा करोड़ों रुपये और पदों की पेशकश कर उसके विधायकों को अपने पाले में करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, भगवा दल ने इस आरोप को खारिज कर दिया है।

गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख गिरीश चोडणकर ने दावा किया कि उनकी पार्टी के विधायकों को पाला बदलने के लिए 40 करोड़ रुपये और राज्य संचालित निगम की अध्यक्षता सहित विभिन्न पैकेज की पेशकश की जा रही है। हांलाकि, भाजपा ने इस आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी अपने विधायकों को एकजुट रख पाने में नाकाम हो रही है और झूठे आरोप लगा रही है।

वहीं, कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि उनके विधायक भाजपा के किसी प्रलोभन में नहीं आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एटीएम जैसे कसीनो और राज्य संचालित गोवा राज्य बुनियादी ढांचा विकास निगम में भ्रष्टाचार कर पैसे हासिल कर रही है।

चोडणकर ने कहा कि उनकी पार्टी सभी विधायकों को एकजुट रखने के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ कोशिश कर रही है और इस बात को लेकर आश्वस्त है कि विधायक प्रलोभन को नकार कर एकजुट रहेंगे।

गौरतलब है कि भाजपा की गोवा इकाई के प्रमुख विनय तेंदुलकर ने कहा था कि कांग्रेस के चार विधायक पाला बदलने को तैयार हैं। उनके इसी बयान के मद्देनजर चोडणकर ने यह टिप्पणी की। संपर्क किए जाने पर विनय ने चोडणकर के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये आरोप झूठे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत