1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बीजेपी के एक और दलित सांसद ने जताई नाराजगी, इस बार उदित राज ने कहा- दलितों को किया जा रहा है प्रताड़ित

बीजेपी के एक और दलित सांसद ने जताई नाराजगी, इस बार उदित राज ने कहा- दलितों को किया जा रहा है प्रताड़ित

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 08, 2018 09:02 am IST,  Updated : Apr 08, 2018 09:04 am IST

इससे पहले उत्तर प्रदेश के बहराइज से बीजेपी सांसद सावित्रीबाई फुले,  रॉबर्ट्सगंज से सांसद छोटेलाल खरवार, नगीना से सांसद यशवंत सिंह सार्वजनिक रूप से अपना नाराजगी जता चुके हैं।

भाजपा सांसद उदित राज...- India TV Hindi
भाजपा सांसद उदित राज और गृह मंत्री राजनाथ सिंह।

नई दिल्ली: भाजपा के दलित सांसदों के एक के बाद एक नाराज होने के मामले सामने आते चले जा रहे हैं। ताजा मामला दिल्ली से सांसद उदित राज से जुड़ा है। सांसद उदित राज ने शनिवार रात आरोप लगाया कि इस सप्ताह के शुरू में भारत बंद के दौरान हिंसक प्रदर्शन के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में उनके दलित समुदाय के सदस्यों को ‘‘ प्रताड़ित ’’ किया जा रहा है। उदित राज ने एक ट्वीट में कहा , ‘‘दो अप्रैल को हुए आंदोलन में हिस्सा लेने वाले दलितों पर अत्याचार की खबरें मिल रही है और यह रुकना चाहिए। ’’ 

उन्होंने कहा ,‘‘दो अप्रैल के बाद दलितों को देशभर में प्रताड़ित किया जा रहा है , बाडमेर , जालौर , जयपुर , ग्वालियर , मेरठ , बुलंदशहर , करौली और अन्य स्थानों के लोगों के साथ ऐसा हो रहा है। न केवल आरक्षण विरोधी बल्कि पुलिस भी उन लोगों को पीट रही है। फर्जी मामले लगा रही है।’’ उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से सांसद उदित राज ने कहा कि ग्वालियर में उनके द्वारा चलाये जा रहे दलित संगठन के एक कार्यकर्ता को प्रताड़ित किया गया। हालांकि उसने कुछ भी गलत नहीं किया था।

उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति / जनजाति ( अत्याचार निवारण ) अधिनियम को कथित रूप से कमजोर किये जाने के खिलाफ दो अप्रैल को किये गये भारत बंद के दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गये थे। उदिता राज से पहले भी बीजेपी के कई दलित सांसद विरोध के स्वर मुखर कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश के बहराइज से बीजेपी सांसद सावित्रीबाई फुले और रॉबर्ट्सगंज से सांसद छोटेलाल खरवार नगीना से सांसद यशवंत सिंह इससे पहले सार्वजनिक रूप से अपना नाराजगी जता चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत