1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा वोटबैंक की राजनीति कर रही, NRC के कारण बिगड़ सकता है बांग्लादेश से रिश्ता: ममता बनर्जी

भाजपा वोटबैंक की राजनीति कर रही, NRC के कारण बिगड़ सकता है बांग्लादेश से रिश्ता: ममता बनर्जी

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Aug 01, 2018 05:43 pm IST,  Updated : Aug 01, 2018 05:49 pm IST

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया, भाजपा वोट बैंक की राजनीति कर रही है। एनआरसी के कारण बांग्लादेश के साथ भारत के रिश्ते बिगड़ेंगे।

ममता बनर्जी- India TV Hindi
ममता बनर्जी

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज कहा कि असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) जारी करने से पड़ोसी बांग्लादेश के साथ भारत के संबंध खराब होंगे। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई को जारी एनआरसी के अंतिम मसौदा में जिन 40 लाख लोगों के नाम उपलब्ध नहीं हैं उनमें सिर्फ एक प्रतिशत ही घुसपैठिये हो सकते हैं, लेकिन भाजपा इसे ऐसे पेश कर रही है मानो सभी घुसपैठिये हों।

संसद के बाहर उन्होंने कहा, ‘‘एनआरसी के कारण बांग्लादेश के साथ भारत के रिश्ते बिगड़ेंगे।’’ उन्होंने यह भी कहा कि 833 लोग उनके राज्य मुख्यत: मुर्शिदाबाद जिले से हैं, जो असम की जेलों में हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा वोट बैंक की राजनीति कर रही है। एनआरसी से पूरी दुनिया पर प्रभाव पड़ेगा। सीमाओं का प्रबंधन केन्द्र की जिम्मेदारी है। केन्द्रीय बल यह देखते हैं कि कितने घुसपैठिये सीमा पार कर देश के अंदर आते हैं।’’

उन्होंने कहा कि मैंने सभी विपक्षी दलों से असम में अपने प्रतिनिधिमंडल को भेजने की अपील की है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने यशवंत सिन्हा (पूर्व भाजपा नेता एवं केन्द्रीय मंत्री) से असम जाने का अनुरोध किया है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत