1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मुंबई: मातोश्री में उद्धव ठाकरे से मिले अमित शाह, दोनों नेताओं के बीच अकेले में हुई लंबी बातचीत

मुंबई: मातोश्री में उद्धव ठाकरे से मिले अमित शाह, दोनों नेताओं के बीच अकेले में हुई लंबी बातचीत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 06, 2018 07:40 pm IST,  Updated : Jun 06, 2018 11:28 pm IST

शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की मातोश्री में मुलाकात खत्म हो गई है। दोनों नेताओं के बीच करीब 2 घंटे तक अकेले में लंबी बातचीत हुई...

BJP President Amit Shah meets Shiv Sena Chief Uddhav...- India TV Hindi
BJP President Amit Shah meets Shiv Sena Chief Uddhav Thackeray in Mumbai

मुंबई: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 2 घंटे तक अकेले में लंबी बातचीत हुई। इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि गठबंधन सहयोगी दोनों दलों के संबंधों में पिछले कुछ समय से खटास आई है। शाह ने उद्धव से उनके आवास ‘‘मातोश्री’’ में मुलाकात की। शाह के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी थे।

भाजपा ने कहा कि यह बैठक अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले उसके ‘सम्पर्क फॉर समर्थन’ अभियान को लेकर थी जिसका नेतृत्व शाह कर रहे हैं। इसे बहुत महत्वपूर्ण बैठक के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि केंद्र और राज्य स्तर पर गठबंधन सहयोगी होने के बावजूद भाजपा और शिवसेना के संबंधों में खटास आई है।

गठबंधन सहयोगी दोनों पार्टियों ने पालघर लोकसभा सीट के लिए गत 28 मई को हुआ उपचुनाव अलग-अलग लड़ा था और प्रचार के दौरान दोनों ने एकदूसरे पर जमकर हमले किये थे। शिवसेना विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खिन्न है और उसने लगातार उन पर हमले किए हैं। पालघर उपचुनाव में भाजपा से हार का सामना करने के बाद शिवसेना ने सहयोगी पार्टी को ‘‘सबसे बड़ा राजनीतिक शत्रु’’ करार दिया था।

शिवसेना ने शाह और ठाकरे के बीच ‘‘चार वर्ष के अंतराल के बाद’’ बैठक की ‘‘जरूरत’’ पर कल सवाल उठाया था। शिवसेना पहले ही घोषणा कर चुकी है कि 2019 वह अकेले ही चुनाव लड़ेगी। दोनों दल ढाई दशक से अधिक समय तक सहयोगी रहे लेकिन 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले दोनों ने अपने संबंध तोड़ लिये । बाद में राज्य में फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए दोनों ने फिर से हाथ मिला लिया।

‘‘सामना’’ में आज प्रकाशित संपादकीय में शिवसेना ने विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में हार के बाद भाजपा के पहुंच कार्यक्रम पर सवाल उठाया। संपादकीय में कहा गया कि शिवसेना आगामी सभी चुनाव अकेले लड़ेगी। इसमें लिखा है, ‘‘प्रधानमंत्री विश्व की यात्रा कर रहे हैं और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सम्पर्क कार्यक्रम के तहत देशभर में घूम रहे हैं। शाह राजग सहयोगियों से मिलेंगे। तथापि वह वास्तव में क्या करेंगे? वह ऐसे समय में क्यों मिल रहे हैं, जब भाजपा को उपचुनावों में हार का सामना करना पड़ा है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत