संसद में आज से शुरू हुए बजट सत्र की शुरूआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से हुई। इसके बाद वित्त मंत्री अरूण जेटली ने संसद में आर्थिक सर्वे पेश किया। साल 2017-18 का आर्थिक सर्वेक्षण संसद में पेश किया गया। (राजस्थान में उपुचनाव के लिए वोटिंग शुरू, पहली बार उम्मीदवारों की तस्वीरों के साथ होगा EVM मशीनों का इस्तेमाल )
वित्त मंत्री अरूण जेटली एक फरवरी को भाजपा नीत राजग सरकार का इस कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट पेश करेंगे। बजट सत्र का पहला चरण नौ फरवरी को पूरा हो जाएगा। दूसरा चरण पांच मार्च से छह अप्रैल के बीच होगा। इस बार के बजट में मजबूत रानीतिक संदेश हो सकता है क्योंकि 2019 में लोकसभा चुनाव होने वाला है।
इस बजट में किसानों और गरीबों पर मुख्य रूप से ध्यान दिया जा सकता है। बजट से जुड़ी प्राथमिकताओं के अलावा सरकार कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने पर जोर दे सकती है। तीन तलाक संबंधी कानून के अलावा सरकार ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने वाले विधेयक को पारित कराने की कोशिश करेगी। ये दोनों विधेयक राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं।