लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बुधवार को फिर कांग्रेस पर हमला बोलते हुये कहा कि कांग्रेस पार्टी की दोगली नीति की वजह से ही देश में साम्प्रदायिक ताकतें मजबूत हो रही हैं। मायावती ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी की दोग़ली नीति की वजह से ही देश में साम्प्रदायिक ताकतें मजबूत हो रही है क्योंकि कांग्रेस पार्टी साम्प्रदायिक ताकतों को कमजोर करने के बजाय, इसके विरुद्ध आवाज उठाने वाली ताकतों को ही कमजोर करने में लगी है। जनता सावधान रहे।’’
Related Stories
मायावती की यह नाराजगी राजस्थान में बसपा के छह विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने के कारण है । गौरतलब है कि मंगलवार को राजस्थान में बहुजन समाजवादी पार्टी के सभी छह विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

इसे नगर निकाय व पंचायत चुनावों से पहले राज्य की अशोक गहलोत सरकार के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है। राज्य में बसपा के छह विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा (उदयपुर वाटी), जोगेंद्र सिंह अवाना (नदबई), वाजिब अली (नगर), लाखन सिंह (करौली), संदीप कुमार (तिजारा) और दीपचंद खेरिया (किशनगढ़ बास) है।