नई दिल्ली: कांग्रेस ने नगर निगम की सत्ता में आने पर जनता पर निगम कर का कोई बोझ नहीं डालने का वादा किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने आज निगम चुनाव के लिये पार्टी का पहला घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि निगम की सत्ता में आने पर पार्टी निगम को आर्थिक रुप से मजूबत बनाने के लिए नये कर लगाये बिना 5200 करोड़ रपये का अतिरिक्त राजस्व भी अर्जित करके दिखायेगी।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
इतना ही नहीं कांग्रेस ने नगर निगम में अलग से शहरी गरीबी उन्मूलन विभाग स्थापित करने का भी चुनावी वादा किया है। यह विभाग मजदूरों के हितों के लिए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा बनाई गई राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मजदूरों को दिलाने के लिए उनका पंजीकरण करेगा।
ये भी पढ़ें
माकन ने कहा कि आप और भाजपा की तरह झूठे वादे करने के बजाय कांग्रेस ने निगम को आर्थिक संकट, कर्मचारियों को वेतन, बुजुर्गों विधवाओं को पेंशन और शहर को गंदगी के संकट से उबारने के लिये घोषणापत्र जारी करने से पहले ही समयबद्ध कार्ययोजना पेश कर दी है। इसके लिये वित्त, पर्यावरण, शहरी विकास और शिक्षा से जुड़े कांग्रेस के विशेषग्यों द्वारा दृष्टिपत्र जारी किये जा चुके हैं।
इनमें पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एमसीडी, पूर्व पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश द्वारा गंदगी एवं बीमारी विहीन दिल्ली और पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद व शशि थरुर द्वारा विश्वस्तरीय प्राथमिक शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधायुक्त दिल्ली बनाने का रोडमेप पेश किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने इस बार समग्र घोषणापत्र के बजाय दृष्टिपत्रों पर आधारित चार घोषणापत्र जारी करने का फैसला किया है।
इस कड़ी में आज पहला घोषणापत्र जारी करने के बाद कांग्रेस कल भवन कर सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी सहूलियतों का दूसरा घोषणा पत्र जारी करेगी जबकि 19 अप्रैल को युवाओं खासकर छात्रों के हित में निगम के कार्यों का लेखाजोखा पेश किया जायेगा और चौथे घोषणापत्र में शेष सभी समस्याओं के समाधान की समयबद्ध कार्ययोजना पेश की जायेगी।