1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ED ने कांग्रेस नेता अहमद पटेल से पीएमएलए मामले में सात घंटे तक पूछताछ की

ED ने कांग्रेस नेता अहमद पटेल से पीएमएलए मामले में सात घंटे तक पूछताछ की

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 09, 2020 11:19 pm IST,  Updated : Jul 09, 2020 11:19 pm IST

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संदेसरा बंधुओं के स्वामित्व वाली स्टर्लिंग बायोटेक कंपनी बैंक धोखाधड़ी एवं धन शोधन मामले में बृहस्पतिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से करीब सात घंटे तक पूछताछ की।

ED ने कांग्रेस नेता अहमद पटेल से पीएमएलए मामले में सात घंटे तक पूछताछ की - India TV Hindi
ED ने कांग्रेस नेता अहमद पटेल से पीएमएलए मामले में सात घंटे तक पूछताछ की  Image Source : PTI

नयी दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संदेसरा बंधुओं के स्वामित्व वाली स्टर्लिंग बायोटेक कंपनी बैंक धोखाधड़ी एवं धन शोधन मामले में बृहस्पतिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से करीब सात घंटे तक पूछताछ की। यह उनसे चौथे दौर की पूछताछ की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ईडी का तीन सदस्यीय दल राज्य सभा सदस्य के 23, मदर टेरेसा क्रीसेंट आवास पर सुबह करीब 11 बजे पहुंचा और शाम करीब सात बजे वहां से निकला। 

पूछताछ के बाद पटेल ने संवाददाताओं से कहा कि जांच अधिकारियों ने आज उनसे 24 सवाल किए और इस तरह से चार बार में उनसे कुल 152 सवाल पूछे जा चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ईडी के मेरे दोस्तों से आग्रह है कि उन्हें सत्तारूढ़ पार्टी के लोगों एवं उनके रिश्तेदारों से भी पूछताछ करनी चाहिए ताकि यह महसूस हो सके कि वे अपना काम निष्पक्ष ढंग से कर रहे हैं।’’ 

इससे पहले पटेल (70) से इस मामले में दो जुलाई को करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई थी। उन्होंने संवाददाताओं को बताया था कि ईडी के जांचकर्ताओं ने तीन सत्रों में उनसे 128 प्रश्न पूछे हैं। पहले, पटेल ने कहा था, ‘‘यह मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध और उत्पीड़न है और मुझे नहीं पता कि किसके दबाव में वे (जांचकर्ता) काम कर रहे हैं।’’ 

अब तक कांग्रेस कोषाध्यक्ष से 27 जून, 30 जून और दो जुलाई को हुए सत्रों में ईडी 27 घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। पटेल ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण वरिष्ठ नागरिकों के बाहर नहीं निकलने के दिशा-निर्देश का हवाला देते हुए ईडी कार्यालय जाने से मना किया था जिसके बाद उनसे घर में पूछताछ की इजाजत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस नेता के बयान धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किए जा रहे हैं। 

पटेल से वडोदरा की कंपनी स्टर्लिंग बायोटेक फार्मास्यूटिकल कंपनी के प्रमोटर संदेसरा बंधुओं से कथित संबंधों के बारे में और नेता के परिजन के उनके साथ कथित लेन-देन के बारे में पूछताछ की जा रही है। एजेंसी ने पटेल के पुत्र फैसल और दामाद इरफान अहमद सिद्दीकी से इस संबंध में पिछले साल पूछताछ की थी और उनके बयान दर्ज किए थे। इन दोनों से संदेसरा समूह के एक कर्मचारी सुनील यादव के बयान के संदर्भ में पूछताछ की गई जिसने एजेंसी के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे।

सूत्रों ने बताया कि ईडी को दिए अपने बयान में यादव ने कहा था कि उसने स्टर्लिंग बायोटेक के प्रमोटरों में से एक, चेतन संदेसरा के निर्देशों पर एक पार्टी के लिए ‘‘10 लाख रुपये का खर्च ’’वहन किया था जिसमें फैसल ने भाग लिया था। फैसल के लिए एक नाइट क्लब में प्रवेश की ‘‘व्यवस्था’’ की और एक बार उनके ड्राइवर को दिल्ली के खान मार्केट में ‘‘पांच लाख रुपए’’ दिए थे। सूत्रों ने बताया कि यादव ने एजेंसी से कहा कि यह नकदी ‘‘फैसल पटेल के लिए थी।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत